1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत ही नहीं, नेपाल तक हनुमान जयंती पर हुआ बवाल, काठमांडू के इस शहर में लगाना पड़ा कर्फ्यू

भारत ही नहीं, नेपाल तक हनुमान जयंती पर हुआ बवाल, काठमांडू के इस शहर में लगाना पड़ा कर्फ्यू

 Published : Apr 13, 2025 01:36 pm IST,  Updated : Apr 13, 2025 01:36 pm IST

भारत से लेकर नेपाल तक हनुमान जयंती पर जमकर बवाल हुआ। नेपाल के बीरगंज में पुलिस को कर्फ्यू लगाना पड़ गया।

नेपाल में हनुमान जयंती पर उपद्रव। - India TV Hindi
नेपाल में हनुमान जयंती पर उपद्रव। Image Source : KATHMANDU POST

काठमांडू: हनुमान जयंती के दिन शनिवार को सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि नेपाल में भी जमकर बवाल रहा। हालत यह हो गई कि नेपाल के बीरगंज बाजार में प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ गया। बताया जा रहा है कि नेपाल के परसा जिले की बीरगंज नगर पालिका में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा के दौरान हिंसक झड़पें शुरू हो गईं। इससे प्रशासन परेशान हो उठा। होने के बाद शनिवार को कर्फ्यू लागू कर दिया गया। काठमांडू पोस्ट के अनुसार इसमें कम से कम 40 लोग गिरफ्तार हुए हैं। 

धार्मिक कार्यक्रम के लिए एकत्र भीड़ पर कथित तौर पर पथराव किया गया जिससे समूहों के बीच टकराव शुरू हो गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और स्थानीय निवासी घायल हो गए। जिला प्रशासन कार्यालय ने भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल (बिहार) के पास स्थित बीरगंज के मध्य भाग में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रविवार दोपहर तक कर्फ्यू लगा दिया है। जिला प्रशासन कार्यालय ने एक नोटिस जारी कर कहा, ‘‘हनुमान जयंती समारोह के दौरान तनाव बढ़ने के कारण ‘बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी’ के वार्ड संख्या 14, 15, 16 और 25 में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू लगाए जाने का आदेश जारी किया गया है।’’

पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

पुलिस ने कहा, ‘‘घंटाघर इलाके से शुरू होकर महानगर के अन्य प्रमुख हिस्सों की ओर जा रही शोभा यात्रा के दौरान हुए विवाद में कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए हैं।’’ पुलिस ने व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तनाव बढ़ने के बाद बीरगंज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कर्फ्यू लागू करने के आदेश के तहत मध्य बीरगंज में लोगों की आवाजाही, रैलियों, बैठकों, विरोध प्रदर्शनों और सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश