1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पहले से भी ज्यादा खतरनाक हो गया नॉर्थ कोरिया, बिल्कुल नए तरह के हथियारों को किया टेस्ट

पहले से भी ज्यादा खतरनाक हो गया नॉर्थ कोरिया, बिल्कुल नए तरह के हथियारों को किया टेस्ट

 Published : May 27, 2026 09:08 am IST,  Updated : May 27, 2026 09:08 am IST

नॉर्थ कोरिया ने नए हथियार परीक्षणों में परमाणु क्षमता वाली क्रूज़ मिसाइल, बैलिस्टिक मिसाइल और रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम का परीक्षण किया है। किम जोंग उन ने इन परीक्षणों की निगरानी की और अपने बयान में सैन्य आधुनिकीकरण पर जोर दिया।

North Korea missile test, Kim Jong Un weapons, North Korea nuclear cruise missile- India TV Hindi
नए हथियारों के परीक्षण की निगरानी करते किम जोंग उन। Image Source : KCNA

सियोल: उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि उसने अपने हालिया हथियार परीक्षणों में कई नई सैन्य तकनीकों और हथियार प्रणालियों का परीक्षण किया है, जिनमें परमाणु क्षमता वाली क्रूज मिसाइल और नए वॉरहेड शामिल हैं। यह जानकारी बुधवार को उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के हवाले से सामने आई। नॉर्थ कोरिया के मुताबिक, इन परीक्षणों की निगरानी देश के नेता किम जोंग उन ने खुद की। इन परीक्षणों में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम शामिल थे।

नॉर्थ कोरिया ने किन हथियारों का किया परीक्षण?

सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, इन लॉन्च में कई उन्नत हथियार प्रणालियों का परीक्षण किया गया, जिनमें शामिल हैं:

  1. वॉरहेड लगी ऐसी बैलिस्टिक मिसाइलें जिन्हें युद्ध के दौरान परमाणु हमले के लिए डिजाइन किया गया है
  2. परमाणु क्षमता वाली क्रूज मिसाइलें, जिन्हें AI आधारित तकनीक से गाइड किया गया
  3. 240 मिमी की रॉकेट आर्टिलरी, जिसमें 'अत्यधिक सटीक' नेविगेशन सिस्टम लगाया गया

उत्तर कोरिया ने दावा किया कि इन हथियारों का उद्देश्य युद्ध क्षेत्र में इस्तेमाल के लिए परमाणु क्षमता को मजबूत करना है।

North Korea missile test, Kim Jong Un weapons, North Korea nuclear cruise missile
Image Source : KCNAपरमाणु क्षमता वाली क्रूज मिसाइलों का भी परीक्षण किया गया।

किम जोंग उन ने परीक्षणों पर जताया संतोष

KCNA के अनुसार, किम जोंग उन ने इन परीक्षणों पर संतोष जताया, खासकर क्रूज मिसाइल सिस्टम के प्रदर्शन को लेकर। ये मिसाइलें दक्षिण कोरिया की सीमा के पास तैनात लंबी दूरी की आर्टिलरी इकाइयों के साथ इस्तेमाल के लिए तैयार की जा रही हैं। किम ने सैन्य अधिकारियों से कहा कि आर्टिलरी बलों को तेजी से आधुनिक बनाया जाए ताकि 'कोई भी उनकी बराबरी न कर सके।'

दक्षिण कोरिया की रिपोर्ट क्या कहती है?

दक्षिण कोरिया की सेना ने एक दिन पहले बताया था कि उत्तर कोरिया ने अपने पश्चिमी समुद्री क्षेत्र की ओर कई प्रोजेक्टाइल दागे, जिनमें कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल भी शामिल थी। दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अनुसार, यह मिसाइल करीब 80 किलोमीटर तक गई, हालांकि अन्य हथियारों के प्रकारों की पुष्टि नहीं की गई थी। दक्षिण कोरिया की सेना ने उत्तर कोरिया के नए दावों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

North Korea missile test, Kim Jong Un weapons, North Korea nuclear cruise missile
Image Source : KCNAकिम ने सैन्य अधिकारियों से कहा कि आर्टिलरी को जल्दी से आधुनिक बनाया जाए।

आखिर इलाके में क्यों बढ़ रहा है तनाव?

उत्तर कोरिया लगातार अपनी सैन्य क्षमता को आधुनिक और मजबूत बनाने में लगा हुआ है, खासकर तब से जब 2019 में उसके और अमेरिका के बीच बातचीत टूट गई थी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कूटनीतिक बातचीत विफल होने के बाद किम जोंग उन ने हथियार कार्यक्रम तेज कर दिया है। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया को अपना 'सबसे बड़ा दुश्मन' भी घोषित किया है और दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों को लगभग खत्म कर दिया है। हाल ही में एक सैन्य बैठक में किम ने सीमा पर तैनात सैनिकों की ताकत बढ़ाने पर चर्चा की थी और कहा था कि सीमा को 'अभेद्य किले' में बदला जाएगा।

रूस और चीन के साथ बढ़ती नजदीकियां

रिपोर्ट के अनुसार, किम जोंग उन की विदेश नीति अब रूस की ओर ज्यादा झुकती दिख रही है। रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए उत्तर कोरिया से हजारों सैनिक और हथियार मिल रहे हैं। इसके साथ ही उत्तर कोरिया ने चीन के साथ भी संबंध मजबूत किए हैं, जिसे वह अपना मुख्य सहयोगी और आर्थिक सहारा मानता है। वहीं, ट्रंप ने कई बार किम जोंग उन के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की इच्छा जताई है। लेकिन उत्तर कोरिया ने इन प्रस्तावों को नजरअंदाज कर दिया है। प्योंगयांग का कहना है कि जब तक अमेरिका परमाणु निरस्त्रीकरण की शर्त नहीं हटाता, तब तक किसी भी बातचीत की संभावना नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश