1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, 8 लोगों की मौत; 4 लापता

उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, 8 लोगों की मौत; 4 लापता

 Published : Aug 17, 2025 03:36 pm IST,  Updated : Aug 17, 2025 03:36 pm IST

चीन में भारी बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने 8 लोगों की मौत हो गई है 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राजधानी बीजिंग में बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

China Flash Floods- India TV Hindi
China Flash Floods Image Source : AP

China Flash Floods: उत्तरी चीन में अचानक आई बाढ़ की चपेट में एक कैंपस्थल आ गया जिसके कारण 8 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य लापता हो गए। सरकारी मीडिया की खबर में रविवार को इस बारे में जानकारी दी गई है। नदियों या प्राकृतिक रूप से खूबसूरत स्थलों के किनारे तंबू लगाकर अस्थायी रूप से लोगों के ठहरने के लिए की जाने वाली व्यवस्था को कैंपस्थल कहा जाता है। 

जारी है बचाव कार्य

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शुरुआत में 13 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। रविवार सुबह तक एक व्यक्ति को बचा लिया गया और 8 लोगों के शव बरामद किए गए। शेष 4 लापता लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है। उत्तरी चीन के उरद रियर बैनर में यह आपदा शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 10 बजे आई थी जो ‘इनर मंगोलिया ऑटोनॉमस’ क्षेत्र का एक बड़ा पहाड़ी इलाका है और अपने लोकप्रिय कैंपसाइट के लिए जाना जाता है।

चीन में हुई हैं बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं

उत्तरी चीन में हाल के हफ्तों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं। इस महीने की शुरुआत में उत्तर-पश्चिमी गांसु प्रांत में आई बाढ़ में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य लापता हो गए थे। भारी बारिश से देश के अन्य हिस्से भी प्रभावित हुए हैं और हांगकांग में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। 

राजधानी बीजिंग में भी दिखा बाढ़ का कहर

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, चीन की राजधानी बीजिंग में हाल के दिनों में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 44 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक दर्जन से अधिक लोग लापता हैं। बीजिंग में अधिकारी आपदा राहत और बचाव अभियान संचालित कर रहे हैं, जबकि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है और बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में पिकनिक से लौट रहे लोगों पर हुई अंधाधुंध फायरिंग, 7 की मौत; घायल हुआ एक शख्स

चीन ने फिर दिखाई चालबाजी! पाकिस्तान को सौंपी हंगोर क्लास की तीसरी पनडुब्बी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश