1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Operation Sindoor: "भारत ने 80 फाइटर जेट से बरसाईं 400 मिसाइलें", अमेरिका में पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने खुद बयां किया दर्द

Operation Sindoor: "भारत ने 80 फाइटर जेट से बरसाईं 400 मिसाइलें", अमेरिका में पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने खुद बयां किया दर्द

 Published : Jun 08, 2025 03:48 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 04:03 pm IST

पाकिस्तान ने अमेरिका में खुद भारत के हमले से हुए नुकसान की सच्चाई बयां कर दी। पाकिस्तान ने अमेरिका में अपना दर्द बताते हुए कहा कि भारत ने एक साथ उस पर 80 फाइटर जेट से हमला कर दिया और 400 से ज्यादा मिसाइलें बरसाईं।

अमेरिका में भारत के हमले की बात बताते पाकिस्तानी प्रतिनिधि (बाएं) और तबाह हुआ नूरखान एयरबेस (दाएं)- India TV Hindi
अमेरिका में भारत के हमले की बात बताते पाकिस्तानी प्रतिनिधि (बाएं) और तबाह हुआ नूरखान एयरबेस (दाएं) Image Source : X

वाशिंगटनः ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान पर 80 फाइटर जेट से 400 मिसाइलों से हमला किया था। इसमें एक-एक मिसाइलों में कई वॉर हेड थे। इस हमले में भारत ने खतरनाक क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया था। यह बात हम नहीं, बल्कि खुद पाकिस्तान अमेरिका में जाकर कह रहा है। पाकिस्तान के एक प्रतिनिधि ने अमेरिका में स्वयं एक टीवी मीडिया पर साक्षात्कार के दौरान यह दावा किया। पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने ऑन-रिकॉर्ड कैमरे के सामने कहा कि हमने देखा कि भारत के 80 फाइटर जेट पाकिस्तान में घुस गए हैं, उन्होंने हमारे ऊपर एक साथ 400 मिसाइलें बरसा दीं। 

पाकिस्तान ने अमेरिका से मांगा अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम

पाकिस्तानी प्रतिनिधि भारत के इस घातक हमले का हवाला देकर अमेरिका से अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की भीख मांगते दिख रहे हैं। पाकिस्तानी प्रतिनिधि का कहना है कि भारत ने एक साथ इतना बड़ा हमला कर दिया। हमारे पास उस हिसाब से अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम नहीं थे, फिर हम उन्हें कैसे रोकते। इसलिए हमें अमेरिका अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम और हाई टेक्नालॉजी वाला मॉडर्न फाइटर जेट दे। ताकि भविष्य में इस तरह के भारत के हमले का पाकिस्तान सामना कर सके। 

पाकिस्तानी डेलीगेशन ने अमेरिकी दौरे के वक्त बताई पीड़ा

पाकिस्तान का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों अमेरिका दौरे पर है, जहां वह अमेरिकी प्रशासन से एयर डिफेंस सिस्टम और अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की मांग कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी अधिकारियों के सामने यह दलील दी है कि भारत के आधुनिक तकनीक से लैस लड़ाकू विमानों के सामने पाकिस्तान की वायु सेना बेहद कमजोर साबित हो रही है और उसके वायुसेना अड्डे बार-बार निशाना बनाए जा रहे हैं।

भारत के हथियारों से बच पाना संभव नहीं

पाकिस्तानी प्रतिनिधियों ने अमेरिका से अपील की है कि वह तुरंत एयर डिफेंस सिस्टम जैसे पैट्रियट मिसाइल, सतह से हवा में मार करने वाले हथियार और 4.5 जेनरेशन के फाइटर जेट्स पाकिस्तान को प्रदान करे। पाकिस्तानी प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय वायुसेना के पास अब ऐसे विमान और हथियार हैं जिनसे बचाव कर पाना पाकिस्तान के लिए संभव नहीं है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा है और बिना अमेरिकी सहायता के वे भारत के तकनीकी व सामरिक प्रभुत्व का मुकाबला नहीं कर सकते।

भारत के हमलों का दिया हवाला

पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने यह आरोप लगाया कि हाल ही में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई एयरबेसों को निशाना बनाया, जिससे पाकिस्तान की रक्षा संरचना को गंभीर क्षति पहुंची है। हालांकि, भारत की ओर से इन हमलों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की वायु शक्ति में हाल के वर्षों में अत्यधिक वृद्धि हुई है, जिसमें राफेल जैसे विमान और स्वदेशी मिसाइल प्रणाली शामिल हैं।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश