1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में फिर हुआ बड़ा हमला, क्वेटा जाने वाली ट्रेन को बनाया गया निशाना

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में फिर हुआ बड़ा हमला, क्वेटा जाने वाली ट्रेन को बनाया गया निशाना

 Published : Jul 24, 2025 10:29 pm IST,  Updated : Jul 24, 2025 11:05 pm IST

पाकिस्तान में ट्रेन को निशाना बनाया गया है। विस्फोट कर रेलवे की पटरियों को उड़ा दिया गया जिससे एक यात्री ट्रेन के डिब्बे को नुकसान पहुंचा है।

Pakistan Train Attack (Representational Image)- India TV Hindi
Pakistan Train Attack (Representational Image) Image Source : FILE

Pakistan Train Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर ट्रेन को निशाना बनाया गया है। बृहस्पतिवार को ट्रेन को निशाना बनाते हुए विस्फोट किया गया। विस्फोट के चलते क्वेटा जाने वाली यात्री ट्रेन का एक डिब्बा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मार्च के बाद से यह इस तरह का तीसरा हमला है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारण किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

स्टेशन मास्टर ने क्या कहा?

स्टेशन मास्टर मुर्तजा खान ने सिबी में संवाददाताओं से कहा, "प्रांत के सिबी जिले में बख्तियाराबाद और डंबोली इलाकों के बीच रेलवे पटरियों को विस्फोटकों से उड़ा दिया गया, जिसके कारण कराची से क्वेटा जा रही बोलन मेल प्रभावित हुई।" उन्होंने इसे आतंकवादी कृत्य करार दिया। उन्होंने बताया कि घटना में ट्रेन का सात नंबर कोच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। ट्रेन सुरक्षित सिबी रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। विस्फोट के बाद क्षेत्र में रेल परिचालन स्थगित कर दिया गया है, हालांकि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। रेलवे की तकनीकी टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। 

क्या बोले रेलवे अधिकारी?

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेल पटरियों के साफ होने और सुरक्षित घोषित होने के बाद ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना के बाद, पंजाब से चलने वाली "जाफर एक्सप्रेस" ट्रेन को डेरा मुराद जमाली स्टेशन पर रोक दिया गया, जबकि एक दिन पहले रवाना हुई दूसरी "जाफर एक्सप्रेस" को सिबी स्टेशन पर रोक दिया गया जो क्वेटा के करीब थी।

जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हुई थी हाईजैक

बता दें कि, इसी साल मार्च के महीनें में बलूचिस्तान की आजादी की डिमांड कर रहे बीएलए से जुड़े लोगों ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। यह ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी। बीएलए से जुड़े विद्रोहियों ने बोलान क्षेत्र में पीरू कुनरी और गुदलार के पहाड़ी इलाकों के पास पटरियों में धमाका कर ट्रेन को रोका था।  (भाषा) 

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारिश ने मचा दी है तबाही, 23 और लोगों की गई जान; भयावह हैं हालात

अफगानिस्तान में क्या है लड़कियों का हाल, बस 13 साल की नाहिदे के बारे में जान लें आप; सब समझ जाएंगे

VIDEO: सीरिया के इदलिब में हुआ भयानक विस्फोट, कम से कम 6 लोगों की हुई मौत; कई घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश