1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान-अमेरिका वार्ता के दूसरे दौर की तारीख पर पाकिस्तान ने दिया बयान, कही बड़ी बात

ईरान-अमेरिका वार्ता के दूसरे दौर की तारीख पर पाकिस्तान ने दिया बयान, कही बड़ी बात

 Published : Apr 16, 2026 08:03 pm IST,  Updated : Apr 16, 2026 08:03 pm IST

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के दूसरे दौर को लेकर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बड़ा बयान दिया है। चलिए जानते हैं कि विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने क्या कहा है।

US Iran Islamabad Talks- India TV Hindi
US Iran Islamabad Talks Image Source : AP

Iran US Talks: पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का दूसरा दौर अभी शुरू नहीं हुआ है। दोनों देशों के बीच हो रही वार्ता की कोई नई तारीख भी तय नहीं की गई है। यह जानकारी पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने दी है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए ताहिर अंद्राबी ने बताया कि अभी तक दूसरे दौर की कोई तय तारीख नहीं हुई है। मीडिया में जो खबरें आ रही हैं उनमें कहा जा रहा है कि बातचीत का एक और दौर हो सकता है। लेकिन, अंद्राबी ने इसकी पुष्टि नहीं की और ना ही इसे पूरी तरह खारिज किया।

अहम है परमाणु मुद्दा

ताहिर अंद्राबी ने साफ कहा, “अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है।” जब उनसे पूछा गया कि दूसरे दौर में कौन-कौन लोग आएंगे, प्रतिनिधिमंडल कितना बड़ा होगा, कौन पाकिस्तान में रुकेगा और कौन जाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि यह सब फैसला अमेरिका और ईरान दोनों पक्षों को करना है। पाकिस्तान केवल मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। अंद्राबी ने यह भी बताया कि पहली बार जो बातचीत पाकिस्तान में हुई थी, उसके बारे में सारी जानकारी और विवरण दोनों पक्षों ने पाकिस्तान को सौंप दिए थे। पाकिस्तान इस जानकारी को गोपनीय रख रहा है। उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दा उन महत्वपूर्ण विषयों में शामिल है जिन पर दोनों देश चर्चा कर रहे हैं।

अहम है लेबनान का मुद्दा

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि वो अटकलें ना लगाएं। उन्होंने कहा, “हम तेहरान और वार्ता में शामिल पक्षों के रुख पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।” उन्होंने बताया कि यह दोनों पक्षों का पाकिस्तान पर भरोसा है, इसलिए पाकिस्तान किसी भी पक्ष के बारे में बिना सोचे समझे कुछ नहीं कहेगा। अंद्राबी ने जोर देकर कहा कि यह पूरी बातचीत बहुत उच्च स्तर के विश्वास और पूर्ण गोपनीयता के साथ चलेगी। किसी भी तरह की लीक या अनावश्यक खुलासा नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे क्षेत्र में शांति के लिए लेबनान में शांति बहुत जरूरी है। बिना लेबनान में स्थिरता के क्षेत्रीय शांति वार्ता मुश्किल हो सकती है।

देश से बाहर हैं शरीफ और मुनीर

ताहिर अंद्राबी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सऊदी अरब, कतर और तुर्किये की 4 दिवसीय यात्रा पर हैं, जबकि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ईरान गया है। पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच चल रही इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। अगर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सफल होती है तो पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव कम हो सकता है। 

यह भी पढ़ें:

अमेरिका से चीन ने क्या कहा है, अमेरिकी रक्षा मंत्री ने बताया; ईरान पर भी किया बड़ा खुलासा

अमेरिका-ईरान में जारी तनाव के बीच ऑस्ट्रेलिया ने उठाया बड़ा कदम, बढ़ाया अपना सैन्य खर्च

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश