इस्लामाबाद: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत के लगातार एक्शन से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। भारत एक के बाद एक लगातार कार्रवाई करके पाकिस्तान का हुक्का-पानी बंद करता जा रहा है। भारत ने पाकिस्तान के साथ सभी तरह के व्यापार समेत अन्य गतिविधियों पर रोक लगा दिया है। इसके बाद अब पहलगाम आतंकियों की तलाश की जा रही है। इस हमले में पाकिस्तान का हाथ होने की प्रबल आशंका जाहिर की गई है। भारत ने कहा है कि वह आतंकियों को कतई नहीं छोड़ेगा। इसे पाकिस्तान में दहशत बढ़ती जा रही है।
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को पहली बार आतंकी हमले की निंदा की है। शहबाज ने कहा कि वह किसी भी तरह के आतंकवाद के खिलाफ हैं। शहबाज ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के उकसावे भरे कदमों के खिलाफ इस्लामाबाद की प्रतिक्रिया “जिम्मेदाराना और नपी-तुली रही है।” ‘
चीन के बाद पाक ने ली तुर्की से मदद
भारत की जवाबी कार्रवाई की आहट मात्र से पाकिस्तान में खौफ का आलम है। वह लगातार चीन और तुर्की जैसे अपने दोस्त देशों से मदद मांग रहा है। इस बार रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के मुताबिक, शरीफ ने इस्लामाबाद में तुर्किये के राजदूत डॉ.इरफान नजीरोगलु के साथ मुलाकात में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “पहलगाम हमले के बाद भारत की भड़काऊ कार्रवाई के बावजूद, पाकिस्तान की प्रतिक्रिया जिम्मेदाराना और संतुलित रही।” शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद के सभी रूपों की हमेशा निंदा की है। बता दें कि ऐसा पहली बार है, जब पहलगाम हमले पर शहबाज शरीफ ने आतंकवाद की निंदा की है। (भाषा)