1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बलूचिस्तान में आतंकवादियों ने की 11 लोगों की हत्या, बस से उतारा...जंगली पहाड़ी पर ले गए और मार दी गोली

बलूचिस्तान में आतंकवादियों ने की 11 लोगों की हत्या, बस से उतारा...जंगली पहाड़ी पर ले गए और मार दी गोली

 Published : Apr 13, 2024 02:20 pm IST,  Updated : Apr 13, 2024 02:20 pm IST

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में आतंकियों ने 11 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। पाकिस्तान पुलिस के अनुसार इनमें से 9 बस यात्री भी शामिल हैं, जिन्हें आंतकियों ने बस से नीचे उतरवाया, फिर उन्हें जंगली पहाड़ी पर ले गए और फिर गोली मार दी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : AP

पाकिस्तान (कराची): पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात आतंकवादियों ने  कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी है। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि इनमें नौ बस यात्री शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोश्की जिले में राजमार्ग पर एक बस रुकवायी और बंदूक का डर दिखाकर नौ पुरुषों को नीचे उतरवा दिया। इसके बाद उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्हें एक जंगली पहाड़ी पर ले गए और गोली मारकर हत्या कर दी।

पाकिस्तान के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बाद में इन नौ पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के समीप मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए।’’ उन्होंने बताया, ‘‘यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ पुरुषों को अगवा करके पर्वतीय इलाकों में ले गए।’’ एक अन्य घटना में इसी राजमार्ग पर एक कार पर गोलीबारी की गयी जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गए।

मुख्यमंत्री ने कहा आतंकियों को नहीं बख्शेंगे

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोश्की राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है। अभी तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

भीषण बाढ़ की चपेट में आया केन्या, कम से कम 13 लोगों की मौत और 15 हजार से ज्यादा विस्थापित

हमले की आशंका से हाई अलर्ट पर इजरायल, ईरान के दोस्त रूस ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण कर और बढ़ाई हलचल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश