1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान करेगा SCO की बैठक की मेजबानी, पीएम मोदी को करेगा आमंत्रित?

अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान करेगा SCO की बैठक की मेजबानी, पीएम मोदी को करेगा आमंत्रित?

 Published : Jul 05, 2024 12:02 pm IST,  Updated : Jul 05, 2024 12:02 pm IST

कजाखिस्तान की राजधानी अस्ताना में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के बाद अब इसी साल अक्टूबर में पाकिस्तान SCO बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक को लेकर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने जानकारी दी है।

पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ- India TV Hindi
पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ Image Source : फाइल (AP)

इस्लामाबाद: भारत और पाकिस्तान के बीच किस तरह के संबंध इससे पूरी दुनिया वाकिफ है। आतंक के आका पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इस बीच तीन महीने बाद अक्तूबर में पाकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक होने जा रही है। भारत भी इस संगठन का अहम सदस्य है। ऐसे में क्या भारत इस बैठक में हिस्सा लेगा या नहीं, इस पर अभी सवाल है। हालांकि, पाकिस्तान अपनी तरफ से भारत को निमंत्रण भेजने के लिए तैयार है।  

सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित करेगा पाक

बता दें कि, पाकिस्तान अक्टूबर में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक की मेजबानी करेगा और समूह के सभी सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित करेगा। विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की अध्यक्षता के रूप में पाकिस्तान इस वर्ष अक्टूबर में एससीओ शासनाध्यक्ष बैठक की मेजबानी करेगा।

पीएम मोदी को लेकर कही यह बात

यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान आने और शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए निमंत्रण देगा, बलोच ने कहा, ‘‘इसकी अध्यक्षता पाकिस्तान के पास है, इसलिए अध्यक्ष के रूप में हम एससीओ सदस्य देशों के सभी शासनाध्यक्षों को निमंत्रण भेजेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि अक्टूबर में आयोजित होने वाली शासनाध्यक्षों की बैठक में एससीओ के सभी सदस्यों का प्रतिनिधित्व होगा।’’ 

किसी गुट का हिस्सा नहीं बनेगा पाकिस्तान

मुमताज जहरा बलोच ने कहा कि अक्टूबर में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले मंत्रिस्तरीय बैठक और वरिष्ठ अधिकारियों की कई दौर की बैठकें होंगी, जिनमें एससीओ सदस्य देशों के बीच वित्तीय, आर्थिक, सामाजिक-सांस्कृतिक और मानवीय सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बलोच ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय राजनीति में किसी गुट का हिस्सा नहीं बनेगा क्योंकि वह सभी देशों के साथ अच्छे संबंध रखने में विश्वास रखता है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

सोशल मीडिया से डर गया पाकिस्तान, अब CM मरियम नवाज ने मुहर्रम को लेकर जारी किया अजब फरमान

जयशंकर ने परोक्ष रूप से कर दी पाकिस्तान की धुलाई, बोले आतंकवाद को पनाह देने वालों को...

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश