1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. टर्बुलेंस में फंसे विमान के यात्रियों को कहां-कहां चोटें आईं, कुछ को तो रीढ़ की हड्डी में लगी भयंकर चोट

टर्बुलेंस में फंसे विमान के यात्रियों को कहां-कहां चोटें आईं, कुछ को तो रीढ़ की हड्डी में लगी भयंकर चोट

 Published : May 24, 2024 10:05 am IST,  Updated : May 24, 2024 10:11 am IST

सिंगापुर एयरलाइंस का विमान लंदन से सिंगापुर जा रहा था। इस दौरान फ्लाइट टर्बुलेंस में फंस गई थी जिसकी वजह से कई यात्री चोटिल हुए हैं। यात्रियों को रीढ़ की हड्डी और सिर में चोट आई है।

Passengers Injured Turbulence in Singapore Flight- India TV Hindi
Passengers Injured Turbulence in Singapore Flight Image Source : AP

सिंगापुर: 'टर्बुलेंस' के कारण ‘सिंगापुर एयरलाइंस’ की उड़ान में 22 यात्रियों की रीढ़ की हड्डी और छह यात्रियों के सिर में चोट आई है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ ने ‘समितिवेज श्रीनाकारिन’ अस्पताल के निदेशक डॉ एडिनुन किट्टीरतनपाइबूल के हवाले से बताया कि मंगलवार को ‘टर्बुलेंस’ के कारण चोटिल हुए 20 लोग गहन देखभाल इकाई में हैं लेकिन किसी के भी जीवन को खतरा नहीं है। 

विमान में सवार थे 229 लोग

लंदन से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने वाले इस विमान को मंगलवार को अचानक ‘टर्बुलेंस’ का सामना करना पड़ा था और करीब तीन मिनट के अंदर यह 6,000 फीट नीचे आ गया था। इस दौरान विमान में 73 वर्षीय एक ब्रिटिश शख्स की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने कहा था कि 73 वर्षीय ब्रिटिश व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा होगा, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। विमान में कुल 229 लोग सवार थे जिनमें 211 यात्री और 18 चालक दल के सदस्य थे।

अस्पताल में भर्ती हैं 40 मरीज 

‘टर्बुलेंस’ की वजह से चोटिल होने के कारण अस्पताल में भर्ती सबसे बुजुर्ग मरीज की आयु 83 वर्ष है। किट्टीरतनपाइबूल ने बताया कि अस्पताल में उड़ान संख्या एसक्यू321 के 40 मरीज भर्ती हैं। विमान के उड़ान भरने के लगभग 10 घंटे बाद 37,000 फुट की ऊंचाई पर इरावदी बेसिन पर अचानक तीव्र ‘टर्बुलेंस’ के कारण करीब 60 यात्री घायल हो गए थे। लंदन से सिंगापुर जा रही इस उड़ान को आपात स्थिति में बैंकॉक में उतारा गया था। 

विमान में सवार थे इन देशों के लोग 

सिंगापुर एयरलाइंस ने विमान में सवार 229 लोग (211 यात्री और 18 चालक दल के सदस्य) की राष्ट्रीयता का ब्योरा दिया है। विमान पर ऑस्ट्रेलिया के 56, कनाडा के दो, जर्मनी का एक, भारत के तीन, इंडोनेशिया के दो, आइसलैंड का एक, आयरलैंड के चार, इजराइल का एक, मलेशिया के 16, म्यांमार के दो, न्यूजीलैंड के 23, फिलिपींस के पांच, सिंगापुर के 41, दक्षिण कोरियाई का एक, स्पेन के दो, ब्रिटेन के 47 और अमेरिका के चार नागरिक सवार थे। (भाषा)

यह भी पढ़ें: 

यूक्रेन की मदद के लिए फिर आगे आया अमेरिका, 275 मिलियन डॉलर की देगा सैन्य सहायता

नेपाली मूल की महिला पर्वतारोही के कारनामे से पूरी दुनिया में मचा धमाल, कर दिया कमाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश