1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत के पड़ोसी मुल्क में भूकंप के तेज झटके, 6.2 की रही तीव्रता, लोगों में दहशत

भारत के पड़ोसी मुल्क में भूकंप के तेज झटके, 6.2 की रही तीव्रता, लोगों में दहशत

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 14, 2023 02:43 pm IST,  Updated : Nov 14, 2023 02:56 pm IST

भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में जोरदार भूकंप आया है। फिलहाल भूकंप से जानमाल की क्षति की कोई खबर नहीं है। हालांकि भूकंप के कारण लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.2 थी, ​जो काफी ज्यादा है।

श्रीलंका में भूकंप।- India TV Hindi
श्रीलंका में भूकंप। Image Source : FILE

arthquake in Sri Lanka: श्रीलंका में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई है। भूकंप दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर अंदर कोलंबो से दक्षिण-पूर्व की ओर था। हालांकि फिल​हाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। फिर भी भूकंप के कारण लोगों में दहशत फैल गई। लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। श्रीलंका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और खान ब्यूरो ने कहा कि भूकंप से कोई खतरा नहीं है। वैसे श्रीलंकाई अधिकारी वर्तमान में भूकंपीय गतिविधि के प्रभाव का आकलन कर रहे हैं।

ताजिकिस्तान और पाकिस्तान में भी आया था भूकंप

इससे पहले ताजिकिस्तान में सोमवार शाम को 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप के ये झटके सोमवार शाम 5:46 बजे के आसपास महसूस किए गए थे। भूकंप का केंद्र 194 किमी की गहराई पर था। वहीं 11 नवंबर को भारत के एक और पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी जोरदार भूकंप के झटके आए थे। 11 नवंबर की शाम 6 बजकर 6 मिनट पर पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 थी।। भूकंप महसूस होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जो लोग घरों में थे वे बाहर निकल आए थे। इससे पहले इसी साल मई, जून और जुलाई पाकिस्तान में भूकंप के बड़े झटके महसूस किए गए थे।

क्यों आते हैं भूकंप?

दरअसल, धरती की मोटी परत जिसे क्‍टोनिक प्लेट्स कहा जाता है, वह अपनी जगह से खिसकती रहती है। ये प्‍लेट्स अमूमन हर साल करीब 4-5 मिमी तक अपने स्थान से खिसक जाती हैं। ये क्षैतिज और ऊर्ध्वाधर , दोनों ही तरह से अपनी जगह से हिल सकती हैं। इस क्रम में कभी कोई प्लेट दूसरी प्लेट के निकट जाती है तो कोई दूर हो जाती है। इस दौरान कभी-कभी ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकरा जाती हैं। ऐसे में ही भूकंप आता है और धरती हिल जाती है। ये प्लेटें सतह से करीब 30-50 किमी तक नीचे हैं।

कैसे करें बचाव?

अगर अचानक भूकंप आ जाए तो घर से बाहर खुले में निकल जाएं। यदि आप घर में फंस गए हों तो बेड या मजबूत टेबल के नीचे छिप जाएं। घर के कोनों में खड़े होकर भी खुद को बचा सकते हैं। भूकंप आने पर लिफ्ट का प्रयोग बिल्कुल न करें। खुले स्थान में जाएं, पेड़ व बिजली की लाइनों से दूर रहें। इसके अलावे भूकंप रोधी मकान भी उतने ही जरूरी होते हैं। यह हालांकि बहुत महंगा नहीं होता, पर इसे लेकर लोगों में जागरूकता की कमी के कारण अक्‍सर लोग इसकी अनदेखी कर बैठते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश