1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पाकिस्तान से आ रहे ऐसे रिएक्शन, एक ने कहा-"हम पहले से चांद पर"

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पाकिस्तान से आ रहे ऐसे रिएक्शन, एक ने कहा-"हम पहले से चांद पर"

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 23, 2023 07:57 pm IST,  Updated : Aug 23, 2023 07:57 pm IST

चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है। भारत के चांद पर पहुंचते ही पाकिस्तान से तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं। पाकिस्तानियों का कहना है कि हम भारत का मुकाबला नहीं कर सकते। भारत हमसे बहुत आगे पहुंच चुका है। उनका कहना है कि पाकिस्तान रोटी, कपड़ा और मकान के लिए तरस रहा।

चांद पर उतरा भारत का चंद्रयान-3- India TV Hindi
चांद पर उतरा भारत का चंद्रयान-3 Image Source : ISRO

भारत के चंद्रयान 3 ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करके अंतरराष्ट्रीय इतिहास रच दिया है। भारत ने वो कर दिखाया है, जिसे आज तक दुनिया का कोई भी देश नहीं कर सका। भारत के चांद पर उतरते ही पाकिस्तान में अजीब सी हलचल है। पाकिस्तानियों के तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं। एक पाकिस्तानी वृद्ध ने कहा कि भारत इसलिए तरक्की कर रहा है कि वहां के नेता और लोग जो करते हैं, अपने देश के लिए करते हैं, लेकिन हमारे नेता तो देश को खा रहे हैं। एक अन्य पाकिस्तानी ने कहा कि भारत के साथ पाकिस्तान की कोई तुलना नहीं हो सकती है। हम भारत का मुकाबला नहीं कर सकते। भारत तरक्की में पाकिस्तान से काफी आगे चला गया है और हमारा देश तो अभी रोटी, कपड़ा और मकान में ही लगा है तो बाकी तरक्की की बात छोड़ ही दें। वहीं एक पाकिस्तानी ने व्यंग कसते कहा कि हमारा देश तो पहले से चांद पर है।

पाकिस्तानियों का कहना है कि इंडिया ने चांद पर पहुंचकर दिखा दिया कि उनके मुल्क के लोग अपने देश के लिए कितने फिक्रमंद हैं। हमारे यहां तो महंगाई चरम पर है। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी भी भारत के चंद्रयान मिशन की तारीफ कर चुके हैं। फवाद ने कहा कि चांद पर भारत के चंद्रयान 3 की लैंडिंग पूरी मानवता के लिए बड़ा दिन है। फवाद चौधरी ने तो चंद्रयान 3 की लैंडिंग को पाकिस्तान में लाइव दिखाए जाने की मांग तक कर डाली थी। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री ने कहा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। पाकिस्तान के शोएब अख्तर ने कहा कि चंद्रमा पर उतरने के लिए पड़ोसी भारत को बधाई। आप लोगों ने चंद्रमा के अंधेरे से भरे दक्षिणी ध्रुव पर पहली बार उतरकर इतिहास रचा है। पाकिस्तान को भी अपनी प्राथमिकताओं पर दोबारा विचार करना चाहिए।' एक अन्य पाकिस्तानी जमील खान ने कहा कि पाकिस्तान के लिए शर्मिंदगी और भारत को चांद पर पहुंचने के लिए बधाई।

पाकिस्तानी मीडिया ने भी की तारीफ

पाकिस्तानी मीडिया में भी भारत के चांद मिशन को लेकर जबरदस्त चर्चा है। पाकिस्तान के जियो टीवी ने लिखा है कि आखिरकार भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंड कर गया है। जियो टीवी ने लिखा है कि भारत का चंद्रयान-3 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की एआरवाई न्यूज ने लिखा है कि भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपना चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान उतार दिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाला वह चौथा देश बन गया है। साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर तीव्र लैंडिंग के साथ पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश भी बन गया है। इसी तरह से पाकिस्तान के डॉन अखबार ने भी लिखा है कि आखिरकार भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी पोल पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर गया है।

एक पाकिस्तानी ने दिया चांद मिशन पर ये अजीबोगरीब रिएक्शन

एक यू-ट्यूबर से बातचीत में पाकिस्तान के एक शख्स ने अलग अंदाज में भारत के चांद मिशन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। यू-ट्यूबर पूछता है कि भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया है, जहां अब तक दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच पाया, इस पर आपका क्या कहना है?... इस पर पाकिस्तानी शख्स ने जो जवाब दिया कि आप भी सुनकर चौंक जाएंगे। पाकिस्तानी व्यक्ति ने कहा कि इंडिया पैसे लगाकर चांद पर गया है। हम तो पहले से चांद पर हैं। यू-ट्यूबर पूछता है कि वो कैसे। तब पाकिस्तानी कहता है कि चांद पर पानी है क्या?...यू ट्यूबर कहता है नहीं, तो पाकिस्तानी शख्स अपनी कालोनी की ओर इशारा करते हुए कहता है कि यहां भी पानी नहीं है। फिर वह कहता है कि वहां गैस है क्या, इस पर भी यू-ट्यूबर नहीं में जवाब देता है तो पाकिस्तानी कहता है कि हमारे यहां भी गैस नहीं है। फिर पाकिस्तानी कहता है कि चांद पर बिजली है क्या, यू-ट्यूबर नहीं कहता है तो फिर वह कहता है कि यहां भी देख लो बिजली नहीं है। इसलिए हम पहले से चांद पर रह रहे हैं। इस पर यू-ट्यूबर समेत सभी लोग हंस पड़ते हैं।

 

यह भी पढ़ें

चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर बोले पीएम मोदी, "हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे पूरा किया"

BRICS सम्मेलन में पुतिन ने किया युद्ध खत्म करने का ऐलान, मगर पश्चिमी देशों पर लगाया ये बड़ा आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश