1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. थाईलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री पेटोंगटार्न शिनवात्रा को किसने किया पद से निलंबित?..जानें पूरा मामला

थाईलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री पेटोंगटार्न शिनवात्रा को किसने किया पद से निलंबित?..जानें पूरा मामला

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jul 02, 2025 10:55 am IST,  Updated : Jul 02, 2025 10:55 am IST

प्रधानमंत्री शिनवात्रा के निलंबन का यह घटनाक्रम थाई राजनीति में एक और बड़े मोड़ की ओर संकेत करता है, जहां सेना, न्यायपालिका और लोकतांत्रिक सरकार के बीच लंबे समय से टकराव बना हुआ है।

पेटोंगटार्न शिनवात्रा, थाईलैंड की निलंबित प्रधानमंत्री। - India TV Hindi
पेटोंगटार्न शिनवात्रा, थाईलैंड की निलंबित प्रधानमंत्री। Image Source : AP

बैंकॉक: थाईलैंड की प्रधानमंत्री पेटोंगटार्न शिनवात्रा को एक मामले में गंभीर आरोप लगने के बाद निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने मंगलवार को नैतिकता से जुड़े आरोपों की जांच लंबित रहने तक पद से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय उनकी एक फोन बातचीत के लीक होने के बाद लिया गया, जिसमें वह कंबोडिया के एक पूर्व नेता के साथ सीमा विवाद पर नरम रुख अपनाते नजर आ रही थीं।

15 दिनों के अंदर कोर्ट ने मांगा जवाब

अदालत ने प्रधानमंत्री शिनवात्रा को 7-2 के बहुमत से निलंबित करने का यह निर्णय लिया है। इसके बाद पेटोंगटार्न को प्रधानमंत्री पद से अस्थायी रूप से हटा दिया गया है। इस मामले में न्यायालय ने उन्हें 15 दिनों के भीतर अपने बचाव में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा है।

क्या है पूरा मामला?

पेटोंगटार्न पर आरोप है कि उन्होंने कंबोडिया के साथ हालिया सीमा विवाद के समाधान के लिए की गई एक कूटनीतिक बातचीत में अत्यधिक लचीलापन दिखाया। यह फोन कॉल कंबोडियाई सीनेट अध्यक्ष हुन सेन के साथ हुई थी और बाद में सार्वजनिक हो गई। 28 मई को इसी विवाद में एक कंबोडियाई सैनिक की मौत भी हुई थी, जिसने लोगों में असंतोष और विरोध की लहर पैदा की।

पेटोंगटार्न की प्रतिक्रिया

न्यायालय के निर्णय के बाद पेटोंगटार्न ने कहा कि वे इस आदेश को स्वीकार करती हैं और पूरी निष्ठा से अपने बचाव के लिए प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा, “मैंने वही किया जो मुझे लगा कि देश और सैनिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी था। अगर मैंने कुछ ऐसा कहा होता, जिससे नुकसान होता, तो मैं खुद उसे स्वीकार न करती।” उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताया और फोन कॉल लीक से नाराज लोगों से माफी मांगी।

क्या होगी आगे की राह?

पेटोंगटार्न के निलंबन से थाईलैंड में राजनीतिक अस्थिरता का खतरा फिर से बढ़ गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मंत्री चौसाक सिरिनिल ने बताया कि उप प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री सूर्या जुंगरुंगरुंगकिट को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश