1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान के नये प्रस्ताव पर युद्ध खत्म करने को लेकर ठंडे पड़े ट्रंप के तेवर, सिर्फ परमाणु पर फंसा पेच

ईरान के नये प्रस्ताव पर युद्ध खत्म करने को लेकर ठंडे पड़े ट्रंप के तेवर, सिर्फ परमाणु पर फंसा पेच

 Published : Apr 28, 2026 01:29 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 01:29 pm IST

ईरान-अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का रुख नरम पड़ गया है, लेकिन परमाणु कार्यक्रम को लेकर अभी भी दोनों पक्षों में विवाद है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति Image Source : AP

Iran US War: ईरान-अमेरिका युद्ध खत्म करने को लेकर तेहरान के प्रस्ताव पर इस बार राष्ट्रपति ट्रंप के तेवर ठंडे पड़ गए हैं, लेकिन परमाणु समझौते को लेकर अभी भी पेच फंसा हुआ है। इसलिए ट्रंप प्रशासन की ओर से मंगलवार को ईरान के उस प्रस्ताव को स्वीकार करने की संभावना कम दिख रही है, जिसमें ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका अपनी नाकेबंदी हटा ले और परमाणु समझौते की वार्ता टाल दे, तो वह युद्ध खत्म कर सकता है और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल सकता है।

ट्रंप नहीं टालना चाहते परमाणु वार्ता

इस प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा को स्थगित (टाल) करने की बात कही गई है, जिसे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को दिए एक साक्षात्कार में साफ तौर पर खारिज कर दिया। फॉक्स न्यूज को दिए गए साक्षात्कार में रुबियो ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी समझौता ऐसा हो जो ईरान को कभी भी परमाणु हथियार बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने से पूरी तरह रोक सके।” व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राष्ट्रीय सुरक्षा टीम ने ईरान के इस प्रस्ताव पर चर्चा की है और ट्रंप खुद इस पर बाद में बयान देंगे। 

अराघची की रूस यात्रा के दौरान ईरान ने दिया नया प्रस्ताव

ईरान का यह प्रस्ताव सोमवार को सामने आया, जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस की यात्रा पर थे। रूस लंबे समय से ईरान का प्रमुख समर्थक रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मॉस्को इस मामले में क्या सहायता करेगा। युद्ध शुरू होने के बाद अब तक ईरान में कम से कम 3,375 लोग मारे गए हैं। लेबनान में इजरायल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई फिर शुरू होने के बाद वहां 2,521 लोग मारे गए। इजरायल में 23 और खाड़ी के अरब देशों में एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए। इसके अलावा लेबनान में 16 इजरायली सैनिक, क्षेत्र में 13 अमेरिकी सैनिक और दक्षिणी लेबनान में 6 संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक भी मारे गए हैं। 

ईरान को परमाणु हासिल करने से रोकना मुख्य मुद्दा- रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना “मुख्य मुद्दा” है। उन्होंने कहा, “मुझे कोई संदेह नहीं है कि अगर भविष्य में भी ईरान में यह कट्टरपंथी धार्मिक शासन सत्ता में रहा, तो वे निश्चित रूप से परमाणु हथियार बनाना चाहेंगे। यह मौलिक मुद्दा अभी भी सामना किया जाना है। यही इस पूरे मामले का कोर इश्यू है।” ईरान के प्रस्ताव को लेकर गंभीरता के सवाल पर रुबियो ने कहा कि ईरानी अच्छे वार्ताकार हैं और वे समय खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। “हम उन्हें ऐसा करने नहीं दे सकते। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी समझौता ऐसा हो जो ईरान को परमाणु हथियार बनाने की दिशा में कभी भी तेजी से आगे बढ़ने से रोक सके।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश