1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. रूस के भीषण हवाई हमले से फिर दहला यूक्रेन का ओडिसा शहर, 8 नागरिकों की मौत और 23 घायल

रूस के भीषण हवाई हमले से फिर दहला यूक्रेन का ओडिसा शहर, 8 नागरिकों की मौत और 23 घायल

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 14, 2023 05:26 pm IST,  Updated : Aug 14, 2023 05:26 pm IST

रूस के हवाई हमले में यूक्रेन में बीते 24 घंटे में 8 नागरिकों की मौत हो गई है। वहीं 23 लोग घायल हुए हैं। रूस ने यूक्रेन के बंदरगाह ओडिसा पर घातक हवाई हमले किए हैं। वहीं यूक्रेन ने रूस के कई ड्रोन को मार गिराने का भी दावा किया है।

रूस-यूक्रेन युद्ध की तस्वीर (फाइल)- India TV Hindi
रूस-यूक्रेन युद्ध की तस्वीर (फाइल) Image Source : AP

रूस-यूक्रेन में जंग और तेज हो गई है। रूस ने बीती रात दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडिसा पर फिर से हवाई हमले किए हैं। वहीं, यूक्रेन की वायुसेना का दावा है कि उसने शहर की ओर निशाना बनाकर दागे गए 15 शाहिद ड्रोन और आठ कलीबर मिसाइलों को मार गिराया है। ओडेसा के गवर्नर ओलेह कीपर ने सोमवार को कहा कि रूसी हमले में एक शिक्षण संस्थान, कई आवासीय इमारतें और एक सुपरमार्केट मलबे में तब्दील हो गया। इस हमले में पिछले 24 घंटे में 8 लोगों की मौत हुई है और 23 लोग घायल हुए हैं।

कीपर ने कहा कि हमले में घायल सुपरमार्केट के दो कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूस के सुरक्षा बलों ने हाल के समय में ओडिसा को निशाना बनाया है, जिनका लक्ष्य यूक्रेन के इस शहर में अहम अनाज निर्यात परिवहन केंद्रों और यूक्रेन के ऐतिहासिक स्थलों को नष्ट करना है। यूक्रेन से अफ्रीका, पश्चिम एशिया और एशिया के देशों में अनाज भेजने तथा खाद्यान्न संकट से निपटने में मदद की अनुमति देने वाली ऐतिहासिक संधि को तोड़ते हुए रूस ने इससे पीछे हटने का फैसला किया। इस संधि से पीछे हटने के बाद रूस ने ओडिसा सहित यूक्रेन के बंदरगाहों पर बार-बार हमले किए और काला सागर के बड़े हिस्से को जहाज परिचालन के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया।

दक्षिण-पश्चिम काला सागर में गोलीबारी

रविवार को रूसी जंगी जहाज से दक्षिण पश्चिम काला सागर में एक मालवाहक जहाज को चेतावनी देने के लिए गोलीबारी की गई थी। मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग साइट टेलीग्राम पर बताया कि रूसी सुरक्षा बलों ने जहाज को रोकने के लिए स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान यूक्रेन पर हुए हमले में कम से कम आठ आम नागरिक मारे गए और 23 अन्य घायल हो गए।  (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश