1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. वियतनाम में चक्रवात Bualoi ने ले ली 19 लोगों की जान, मचाया कोहराम; जानें कैसे हैं हालात

वियतनाम में चक्रवात Bualoi ने ले ली 19 लोगों की जान, मचाया कोहराम; जानें कैसे हैं हालात

 Published : Sep 30, 2025 06:37 pm IST,  Updated : Sep 30, 2025 06:37 pm IST

वियतनाम में चक्रवात बुआलोई तूफान ने भयानक तबाही मचाई है। मूसलाधार बारिश की वजह से भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं बढ़ी हैं। यहां अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है।

Vietnam Typhoon Bualoi- India TV Hindi
Vietnam Typhoon Bualoi Image Source : AP

Vietnam Typhoon Bualoi: चक्रवात ‘बुआलोई’ के कारण हुई भारी बारिश से वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं। बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से अब तक यहां 19 लोगों की मौत हो गई है और और कई लोग लापता हैं। राष्ट्रीय मौसम एजेंसी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में वियतनाम के कुछ हिस्सों में 30 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश अभी और जारी रह सकती है। 

बाढ़ और भूस्खलन के कारण यातायात हुआ बाधित

लंबे समय तक बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़कों पर यातायात बाधित हुआ। हालात ऐसे बन गए कि सोन ला और लाओ काई प्रांतों के उत्तरी पहाड़ों से लेकर मध्य न्घे एन प्रांत तक लोगों का आपस में संपर्क टूट गया। झमाझम बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण नदियां उफान पर हैं, जिससे उत्तरी इलाके में हर तरफ बाढ़ और भूस्खलन हुआ।

Vietnam Typhoon Bualoi
Image Source : APVietnam Typhoon Bualoi
 

अधिकारियों ने जारी की चेतावनी

येन बाई प्रांत में थाओ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर चला गया है। इसके परिणामस्वरूप घरों में एक मीटर तक पानी भर गया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। राजधानी हनोई की बहुत सी सड़कें जलमग्न हो गई हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो लोग शहर से गुजरने वाली लाल नदी के आसपास रहते हैं, उन्हें सावधान और सतर्क रहना चाहिए। 

जारी है 13 लापता लोगों की तलाश

सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि अधिकारी अब भी 13 लापता लोगों को ढूंढ रहे हैं, जिनमें 8 मछुआरे हैं। इसी ‘बुआलोई’ तूफान ने शुक्रवार से अब तक फिलीपींस में भी कम से कम 20 लोगों की जान ले ली है। यह तूफान सोमवार तड़के वियतनाम से टकराया और फिर वहां लंबे समय तक बना रहा। इसी कारण, खतरा और भी ज्यादा बढ़ गया। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

Explainer: नेपाल में ढाई साल की बच्ची को मिला जीवित देवी 'कुमारी' का दर्जा, जानें क्या है पूरी परंपरा

पाकिस्तान के क्वेटा में भीषण बम धमाके के बाद चली गोलियां, 10 की मौत; घायल हुए 30 लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश