1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भीषण गर्मी में जल रहा है चीन, प्रशासन ने लोगों से कहा- घर में ही रहें, बाहर कम निकलें

भीषण गर्मी में जल रहा है चीन, प्रशासन ने लोगों से कहा- घर में ही रहें, बाहर कम निकलें

 Published : Jun 24, 2023 06:36 pm IST,  Updated : Jun 24, 2023 06:36 pm IST

चीन के कई इलाकों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और यही वजह है कि लोगों से ज्यदातर समय अपने घरों में बिताने के लिए ही कहा गया है।

China, China Weather Update, Weather Update, China Heatwave- India TV Hindi
चीन में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। Image Source : AP

बीजिंग: चीन की राजधानी बीजिंग इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। देश के उत्तरी इलाके में गर्मी का आलम यह है कि अधिकारियों को 'रेड अलर्ट' घोषित करना पड़ा है। रिकॉर्ड तापमान के बीच प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों में ही रहें और बाहर कम वक्त गुजारें। चीन मौसम विज्ञान प्रशासन के मुताबिक, दक्षिणी चीन की नानजिआओ वेधशाला ने शनिवार को पहली बार लगातार तीसरे दिन 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज किया।

कई इलाकों में ‘रेड अलर्ट’ जारी

गर्मी का यह आलम सिर्फ चीन की राजधानी में ही नहीं है। पास के हेबेई प्रांत और बंदरगाह शहर तिआनजी में भी बीते कुछ दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने भीषण गर्मी के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया। चीन के 4 स्तरीय मौसम अलर्ट प्रक्रिया में 'रेड अलर्ट' सबसे गंभीर स्थिति को इंगित करता है। रिकॉर्ड के मुताबिक, बीजिंग में गुरुवार दूसरा सबसे गर्म दिन रहा और पारा 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जून में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी
बता दें कि गुरुवार को दर्ज 41.1 डिग्री सेल्सियस का तापमान जून के महीने में चीन की राजधानी में दर्ज किया गया तब तक का सबसे ज्यादा तापमान था। 24 जुलाई 1999 को बीजिंग के इतिहास में अबतक का सर्वाधिक तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीजिंग में मौसम अधिकारियों ने लोगों से लंबे वक्त तक खुले में कसरत करने से बचने और बाहर निकलने पर सूरज की तपिश से बचने के उपाय करने का आग्रह किया है।

चीन में गर्मी तोड़ रही कई रिकॉर्ड
बता दें कि चीन में गर्मी के कई रिकॉर्ड टूटे हैं, जिससे ऊर्जा संकट की आशंका पैदा हो गई है। पिछले महीने, पूर्वी तट पर स्थित 2.5 करोड़ की जनसंख्या वाले शहर शंघाई ने एक सदी में मई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आम जनता के साथ-साथ उद्योग धंधों को भी बिजली की खपत कम करने के लिए कहा गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश