1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. युद्ध करते-करते हो गया एक साल, लेकिन अभी भी जोश में हैं यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की, नागरिकों का जोश बढ़ाते हुए दिया यह बयान

युद्ध करते-करते हो गया एक साल, लेकिन अभी भी जोश में हैं यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की, नागरिकों का जोश बढ़ाते हुए दिया यह बयान

 Published : Feb 24, 2023 04:02 pm IST,  Updated : Feb 24, 2023 04:11 pm IST

रूस-यूक्रेन युद्ध को आज एक साल पूरे हो गए। एक साल पहले रूस ने जिस घातक तरीके से यूक्रेन पर हमला किया था, तब ऐसा प्रतीत होता था कि यूक्रेन चंद दिनों में घुटने टेक देगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। यूक्रेन ने डटकर रूस के हमले का सामना किया।

Ukrainian President Volodymyr Zelensky  - India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : FILE

कीव: रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग को आज (24 फरवरी) को पूरा एक साल हो गया। 24 फरवरी, 2022 को ही रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। जिसके बाद अभी तक इस युद्ध का कोई समाधान नहीं निकला है। कई मोर्चों पर रूस मजबूत नजर आता है तो कई मोर्चों पर यूक्रेन जीतता दिखाई देता है। एकतरफ जहां रूस अकेले युद्ध लड़ रहा है तो वहीं यूक्रेन की मदद के लिए यूरोप के ब्रिटेन, जर्मनी और फ़्रांस समेत कई देश साथ दे रहे हैं। अमेरिका इस युद्ध में यूक्रेन को आर्थिक और सामरिक रूप से सहयोग कर रहा है। ब्रिटेन में यूक्रेन के हजारों सैनिक ट्रेनिंग ले रहे हैं। इसके बावजूद यह युद्ध अभी और भी लंबा खिंचता नजर आ रहा है।

24 फरवरी, 2022 हमारे जीवन का सबसे लंबा दिन था -  जेलेंस्की

आज युद्ध के एक साल पूरा होने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 2023 में जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया और कहा कि देश पर 24 फरवरी, 2022 की तारीख "हमारे जीवन का सबसे लंबा दिन" था, जब रूस ने देश पर आक्रमण किया था। शुक्रवार को यूक्रेन पर रूस के हमले को एक साल हो गया। यह ऐसा युद्ध है जिसका अभी कोई समाधान नजर नहीं आ रहा। जेलेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि यह युद्ध द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा और घातक युद्ध है। उन्होंने इसे रूस द्वारा फैलाया गया आतंक करार दिया। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि कल क्या होगा, लेकिन हम स्पष्ट रूप से समझते हैं कि प्रत्येक कल के लिए आपको लड़ने की जरूरत है। और हम लड़े हैं।" 

 यूक्रेनवासियों ने खुद को अजेय साबित किया - जेलेंस्की

जेलेंस्की ने ट्वीट किया कि यूक्रेनवासियों ने खुद को अजेय साबित किया है। उन्होंने बीते वर्ष को ‘‘दर्द, दुख, विश्वास और एकता का वर्ष’’ कहा। उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि 2023 हमारी जीत का वर्ष होगा।’’ यूक्रेनवासियों ने युद्ध में मारे गए हजारों लोगों की याद में मोमबत्ती जुलूस और शोक सभाओं का आयोजन किया, विशेष रूप से पूर्वी यूक्रेन में जहां लड़ाई में हर समय मृतकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसी चिंताएं थीं कि इस दिन रूस यूक्रेन के खिलाफ मिसाइल हमले और तेज कर सकता है। लेकिन गनीमत यह रही कि राजधानी कीव में रात भर हवाई हमले की चेतावनी सुनाई नहीं दी और सुबह शांति रही। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश