1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Elizabeth II Funeral: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे चीन के उपराष्ट्रपति, सांसदों ने जताई चिंता

Elizabeth II Funeral: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे चीन के उपराष्ट्रपति, सांसदों ने जताई चिंता

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 17, 2022 12:07 pm IST,  Updated : Sep 17, 2022 12:10 pm IST

Elizabeth II Funeral: एक सांसद ने कहा कि चीन के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र शिनजियांग में उइगर मुस्लिमों से दुर्व्यवहार और मानवाधिकार उल्लंघनों को देखते हुए ये निमंत्रण रद्द किया जाना चाहिए।

Elizabeth II - India TV Hindi
Elizabeth II Image Source : PTI

Highlights

  • 19 सितंबर को होगा महारानी का अंतिम संस्कार
  • भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी अंतिम संस्कार में शामिल
  • अमेरिकी राष्ट्रपति समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल

Queen Elizabeth II: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में चीन के उपराष्ट्रपति वांग किशान शामिल होंगे। चीन ने शनिवार को इस बात की घोषणा की है। उपराष्ट्रपति वांग किशान राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर इस अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। ऐसे में चीन द्वारा प्रतिबंधित किए गए ब्रिटिश सांसदों के एक समूह ने अंतिम संस्कार के लिए चीनी सरकार को आमंत्रित किए जाने पर चिंता जताई है।

एक सांसद ने कहा कि चीन के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र शिनजियांग में उइगर मुस्लिमों से दुर्व्यवहार और मानवाधिकार उल्लंघनों को देखते हुए ये निमंत्रण रद्द किया जाना चाहिए। शी के करीबी वांग सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की सात सदस्यीय शक्तिशाली पोलितब्यूरो स्थायी समिति के 2012 से लेकर 2017 तक सदस्य रहे। उस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई की थी। वांग को 2018 में उपराष्ट्रपति नामित किया गया और वह अक्सर शी की ओर से कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। 

19 सितंबर को होगा महारानी का अंतिम संस्कार 

महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में सैकड़ों राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है। ब्रिटेन में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। 

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी अंतिम संस्कार में शामिल

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यूनाइटेड किंगडम जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17-19 सितंबर 2022 को भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए लंदन जाएंगी। 

अमेरिकी राष्ट्रपति समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी लंदन जाएंगे।

कब हुआ था महारानी का निधन

महारानी का 8 सितंबर को 96 साल की उम्र में बाल्मोरल कैसल में निधन हो गया था। वह 70 साल से ब्रिटेन में शासन कर रही थीं। वह ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली  शासक रहीं। उनके शासनकाल में ब्रिटेन को 15 प्रधानमंत्री मिले। एलिजाबेथ II सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं बल्की 14 और देशों की रानी रहीं। द्वितीय के निधन के बाद उनके बेटे चार्ल्स  ब्रिटेन के नए राजा बनाए गए हैं। महारानी का निधन स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में हुआ। वे यहां समर ब्रेक पर आई थीं। एलिजाबेथ 1952 में अपने पिता जॉर्ज षष्टम की मौत के बाद महारानी बनीं थी, तब उनकी उम्र महज 25 साल थी।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश