1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Ukraine News: दुनिया में अनाज संकट के बीच अच्छी खबर, जंग के बीच पहली बार यूक्रेन का जहाज खाद्यान्न लेकर पहुंचा इस देश

Ukraine News: दुनिया में अनाज संकट के बीच अच्छी खबर, जंग के बीच पहली बार यूक्रेन का जहाज खाद्यान्न लेकर पहुंचा इस देश

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Aug 01, 2022 02:47 pm IST,  Updated : Aug 01, 2022 02:47 pm IST

Ukraine News: रूस से जंग के बीच पहली बार यूक्रेन का जहाज मक्का लेकर ओडेसा बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हुआ है। यूक्रेन पूरी दुनिया का 25 फीसदी खाद्यान्न की आपूर्ति करता है।

Ship- India TV Hindi
Ship Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • 26 हजार टन से ज्यादा मक्का ले जा रहा जहाज
  • रूसी आक्रमण के बाद पहली बार यूक्रेन से अनाज ले कर जहाज ओडेसा बंदरगाह से रवाना
  • 26,000 टन से अधिक मक्का भेजा जा रहा लेबनान

Ukraine News: रूस और यूक्रेन जंग के बीच दुनिया के कई देशों में खाद्यान्न संकट गहरा चुका है। ऐसे में एक अच्छी खबर है कि रूस से जंग के बीच पहली बार यूक्रेन का जहाज मक्का लेकर ओडेसा बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हुआ है। यूक्रेन पूरी दुनिया का 25 फीसदी खाद्यान्न की आपूर्ति करता है। जानकारी के अनुसार रूसी आक्रमण के बाद पहली बार यूक्रेन से अनाज ले कर एक जहाज उसके ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो गया है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि मालवाहक जहाज ‘रज़ोनी’ पर सिएरा लियोन (पश्चिमी अफ्रीकी देश) का झंडा लगा था। जहाज ओडेसा के बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हुआ। 

26 हजार टन से ज्यादा मक्का ले जा रहा जहाज

संयुक्त राष्ट्र के एक बयान के अनुसार, जहाज 26,000 टन से अधिक मक्का ले जा रहा है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जहाज के मंगलवार को इस्तांबुल पहुंचने की उम्मीद है, जहां उसकी जांच की जाएगी। इसके बाद उसे आगे रवाना किया जाएगा। यह मक्का लेबनान भेजा जा रहा है। विश्व बैंक ने छोटे से मध्यपूर्व राष्ट्र लेबनान में जारी संकट को दुनिया के सबसे खराब वित्तीय संकटों में से एक बताया है। यूक्रेन के मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने कहा, ‘आज यूक्रेन, अपने साझेदारों के साथ दुनिया को भुखभरी से बचाने के लिए एक और कदम उठा रहा है।’ उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन को भी मदद मिलेगी। वहीं तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 22 जुलाई को इस्तांबुल में किए गए सौदों के अनुरूप अन्य जहाज भी सुरक्षित गलियारों के माध्यम से यूक्रेन के बंदरगाहों से रवाना होंगे। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में अधिक जानकारी मुहैया नहीं कराई। 

गौरतलब है कि रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और यूक्रेन के इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और तुर्की के रक्षा मंत्री हुलुसी अकार के साथ इस सिलसिले में अलग-अलग समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता यूक्रेन को 2.2 करोड़ टन अनाज और अन्य कृषि उत्पादों के एक्सपोर्ट की अनुमति देता है। यह अनाज युद्ध के चलते काला सागर के बंदरगाहों पर फंसा हुआ है। सौदा रूस को अनाज और उर्वरक निर्यात करने की भी अनुमति देता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश