1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जंगल की आग ने ली बाप-बेटे की जान, बचाव अभियान में जुटे 6 हेलीकॉप्टर और 19 हवाई जहाज

जंगल की आग ने ली बाप-बेटे की जान, बचाव अभियान में जुटे 6 हेलीकॉप्टर और 19 हवाई जहाज

 Published : Jul 02, 2026 07:37 am IST,  Updated : Jul 02, 2026 07:37 am IST

ग्रीस में भीषण जंगल की आग में एक पिता और उसके 12 साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। फ्थियोटिडा समेत कई इलाकों में आग बुझाने के लिए 135 से ज्यादा दमकलकर्मी, 6 हेलिकॉप्टर और 19 विमान तैनात किए गए।

Greece Wildfire, Greece Forest Fire, Thessaloniki Wildfire- India TV Hindi
आग में तबाह हुआ घर। Image Source : AP

थेसालोनिकी: ग्रीस में जंगलों में लगी भीषण आग में एक पिता और उसके 12 साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां गंभीर रूप से झुलस गई है। बताया जा रहा है कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। इस बीच, मध्य ग्रीस में एक और बड़े जंगल में आग लगने के बाद प्रशासन ने 2 गांवों के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया है।

135 से ज्यादा दमकलकर्मी किए गए तैनात

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को उत्तरी शहर थेसालोनिकी के उत्तर-पूर्व में स्थित जंगल वाले इलाके में एक घर के बाहर एक शख्स का शव मिला था। बुधवार को आग में पूरी तरह जल चुके उसी घर के अंदर मिले एक अन्य शव की पहचान शख्स के 12 साल के बेटे के रूप में की गई। बच्चे की मां आग में झुलस गई थी, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। बुधवार को ग्रीस के मध्य क्षेत्र फ्थियोटिडा में जंगल और कृषि भूमि में भीषण आग फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए 135 से अधिक दमकलकर्मियों को तैनात किया गया है।

Greece Wildfire, Greece Forest Fire, Thessaloniki Wildfire
Image Source : APग्रीस के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है।

ग्रीस में कई अन्य इलाके भी आग की चपेट में

जंगल की आग को बुझाने के लिए दमकलकर्मियों के साथ विशेष वन अग्निशमन दल और स्वयंसेवक भी राहत कार्य में जुटे हैं। आग बुझाने के लिए 19 पानी गिराने वाले विमानों और 6 हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बता दें कि इसी दिन ग्रीस में 3 अन्य जगहों पर भी जंगल में आग लगी। इनमें उत्तरी क्षेत्र हाल्किदिकी, राजधानी एथेंस के पास स्थित सलामिना द्वीप और दक्षिणी ग्रीस का एक इलाका शामिल है। दमकल विभाग ने बताया कि इन तीनों जगहों पर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

ग्रीस के जंगलों में पहले भी लगी है भीषण आग

ग्रीस में हर साल गर्म और शुष्क मौसम के दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाएं आम हैं। हालांकि, इस बार पश्चिमी यूरोप के कई देशों में पड़ रही भीषण गर्मी की लहर से ग्रीस अब तक काफी हद तक बचा हुआ है। ग्रीस पहले भी विनाशकारी जंगल की आग का सामना कर चुका है। वर्ष 2018 में एथेंस के पूर्वी इलाके में लगी भीषण आग में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 2023 में देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से के एक संरक्षित वन क्षेत्र में लगी आग यूरोपीय संघ के इतिहास की सबसे बड़ी जंगल की आग मानी गई थी।

ये भी पढ़ें:

बेल्जियम के 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, रह रहे थे 200 लोग, बड़ी संख्या में मौत की खबर

श्रीलंका के वृद्धाश्रम में लगी भीषण आग, 11 बुजुर्गों की मौत, 7 गंभीर रूप से झुलसे, मंजर देख लोगों की कांपी रूह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश