1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. आखिरी 30 सेकंड...8 हजार फीट नीचे आया प्लेन और हो गया क्रैश, खत्म हो गया प्रिगोझिन, ये सब कैसे हुआ बन गया रहस्य

आखिरी 30 सेकंड...8 हजार फीट नीचे आया प्लेन और हो गया क्रैश, खत्म हो गया प्रिगोझिन, ये सब कैसे हुआ बन गया रहस्य

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Aug 24, 2023 09:30 am IST,  Updated : Aug 24, 2023 09:39 am IST

येवेगनी प्रिगोझिन कभी पुतिन के खास थे, पर पिछले दिनों विद्रोह कर दिया था। इस पर पुतिन भी नाराज हुए थे। हालांकि बाद में समझौता हो गया था और प्रिगोझिन बेलारूस चले गए ​थे। लेकिन यूक्रेन से जंग में लड़ने वाले वैगनर ग्रुप के प्रमुख प्रिगोझिन की आधे सफर में विमान दुर्घटना में मौत हैरान करने वाली है।

आखिरी 30 सेकंड...8 हजार फीट नीचे आया प्लेन और हो गया क्रैश, खत्म हो गया प्रिगोझिन,- India TV Hindi
आखिरी 30 सेकंड...8 हजार फीट नीचे आया प्लेन और हो गया क्रैश, खत्म हो गया प्रिगोझिन, Image Source : PTI

Yevgeny Prigozhin : रूस और यूक्रेन की जंग के बीच रूस की ओर से लड़ने वाले वैगनर ग्रुप के चीफ येवेगनी प्रिगोझिन की एक विमान दुर्घटना में मारे जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स कह रही हैं कि विमान बुधवार को रूस की राजधानी मॉस्के से सेंट पीटर्सबर्ग की ओर जा रहा था। सबकुछ ठीक था। प्लेन आधा रास्ता तय कर चुका था। लेकिन अचानक प्लेन 8 हजार फीट ​नीचे आया और देखते ही देखते क्रैश हो गया। ये सब अचानक कैसे हुआ, नहीं पता। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आखिर विमान में ऐसा क्या हुआ कि करीब आधा सफर तय करने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया विमान में प्रिगोझिन सहित 10 लोग सवार थे, जिनकी मौत का दावा किया जा रहा है।

बताया गया है कि प्रिगोझिन जिस प्राइवेट जेट से जा रहा था, वह एक एम्ब्रायर लेगेसी 600 एग्जीक्यूटिव जेट था। फ्लाइट ट्रैकिंग डाटा वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, उनके विमान ने अपनी 30 मिनट की उड़ान के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं दिखाई और इसकी चाल बिल्कुल सामान्य थी। हालांकि, दोपहर करीब 3.19 बजे यह एयरक्राफ्ट अचानक ही नीचे गिरने लगा। महज 30 सेकंड के अंदर ही 28 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा विमान 8 हजार फीट नीचे गिर गया। 

सबकुछ अचानक हुआ

फ्लाइट रडार 24 के इयान पेचेनिक के मुताबिक, इन 30 सेकंड्स में जो कुछ भी हुआ काफी तेजी से हुआ। उन्होंने कहा कि इस दौरान जो कुछ भी हुआ, वे शायद (विमान से) कुश्ती कर रहे थे। हालांकि, इसके क्रैश होने से पहले विमान के साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई बात नहीं दिखती। 

विमान बनाने वाली कंपनी ने किया ये बड़ा दावा

इस विमान को बनाने वाली ब्राजील की कंपनी एम्ब्रायर एसए ने एक बयान जारी कर कहा कि 'उसने 13 सीटों वाले इस विमान को किसी भी तरह की सेवा देना बंद कर दिया था और कंपनी रूस के खिलाफ लागू अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का पालन कर रही थी।' फ्लाइटरडार24 ने इस विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर आरए-02795 पाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिगोझिन ने जब पुतिन के खिलाफ बगावत छेड़ दी थी, उस वक्त इसी लग्जरी जेट से उन्हें बेलारूस ले जाया गया था। 

इतने बजे मिली थी आखिरी सही लोकेशन

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, क्रैश से पहले एयरक्राफ्ट की आखिरी सही लोकेशन 3.11 बजे मिली थी। हालांकि, सिग्नल जैमिंग या नेटवर्क में कुछ दखल की वजह से ज्यादा डेटा हासिल नहीं किया जा सका। कुछ और डाटा अगले नौ मिनट तक हासिल हुए। इस दौरान प्लेन को कई बार हजार फीट ऊपर और नीचे चढ़ते-उतरते रिकॉर्ड किया गया। फ्लाइटरडार24 को विमान का आखिरी डेटा 3.20 पर मिला। 

कौन थे प्रिगोझिन, पुतिन के कितने थे खास?

1961 में लेनिनग्राद में जन्मे येवगेनी प्रिगोझिन को साल 1981 में येवगेनी को मारपीट, डकैती और धोखाधड़ी का दोषी पाए जाने पर 13 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, सोवियत यूनियन के पतन के बाद येवगेनी को 9 साल की सजा के बाद ही रिहा कर दिया गया था। वे कभी पुतिन के खास थे और उनके रसोइया थे। बाद में वैगनर ग्रुप बनाया, जो रूस के लिए लड़ाई करता था। रूस और यूक्रेन की जंग में भी वैगनर ग्रुप के लड़ाकों ने प्रिगोझिन के नेतृत्व में लड़ाई लड़ी। ​हाल के समय में प्रिगोझिन ने रूस के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। लेकिन पुतिन के समझाने पर मान गए थे। इसके बाद वे बेलारूस में चले गए थे। खबर ये भी आई थी कि वे अफ्रीका में लड़ने के लिए वैगनर ग्रुप में सैनिकों की भर्ती कर रहे हैं। हालांकि एक बार पुतिन से बगावत के बाद भले की समझौता हो गया हो, लेकिन अचानक संदिग्ध रूप से उस विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना, जिसमें प्रिगोझिन भी शामिल थे, यह भी एक रहस्य है, जो शायद हमेशा के लिए बना रहेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश