1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ युद्ध की तैयारी में जुटे किम जोंग, रूस से मांगे खतरनाक परमाणु बमवर्षक विमान

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ युद्ध की तैयारी में जुटे किम जोंग, रूस से मांगे खतरनाक परमाणु बमवर्षक विमान

 Reported By: AP Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 16, 2023 11:32 am IST,  Updated : Sep 16, 2023 11:35 am IST

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया की बर्बादी का सामान जुटाना शुरू कर दिया है। ये दोनों ही देश उत्तर कोरिया के जानी दुश्मन हैं। अक्सर इन देशों से किम की ठनी रहती है। रूस-यूक्रेन युद्ध में मास्को को परमाणु मिसाइल और गोला-बारूद की आपूर्ति के बदले उन्हें पुतिन से परमाणु बमवर्षक विमान चाहिए।

रूस में परमाणु बमवर्षक विमानों को देखते उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन।- India TV Hindi
रूस में परमाणु बमवर्षक विमानों को देखते उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन। Image Source : AP

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन अपने खतरनाक इरादों के साथ कई दिनों से रूस की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह रूस की हथियार और विमान बनाने वाली फैक्ट्रियों का जायजा ले रहे हैं। रूस और उत्तर कोरिया के बीच तथाकथित हथियारों की डील दुनिया को डराने वाली है। उत्तर कोरिया जहां इस डील में यूक्रेन की बर्बादी तय करने वाले खतरनाक परमाणु मिसाइलों और बमों व गोला-बारूद की खेप देगा तो वहीं इसके बदले में उसे रूस से परमाणु बम वर्षक विमान और अमेरिका व दक्षिण कोरिया की तबाही वाले हथियार चाहिए। इसका मतलब क्या माना जाय कि वाकई उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ युद्ध की तैयारी शुरू कर दी है। किम जोंग उन स्वयं अपनी सेना को कई बार पिछले दिनों युद्ध की तैयारी करने का स्पष्ट आदेश दे चुके हैं।

इतना ही नहीं हाल ही में किम जोंग उन ने खतरनाक परमाणु पनडुब्बी बनाने का दावा किया है। उत्तर कोरिया ने इस परमाणु पनडुब्बी का विकास अमेरिका से मुकाबले के लिए किया है। किम जोंग उन अपने देश की सेना को लगातार बैलिस्टिक और परमाणु मिसाइलों से लैस करते जा रहे हैं। अमेरिका और दक्षिण कोरिया की चेतावनियां व धमकियों को वह पैरों तले रौंदते हुए आगे बढ़ रहे हैं। विश्लेषकों के अनुसार उत्तर कोरिया के पास खतरनाक परमाणु बमों का जखीरा भी मौजूद है। अब वह इसके लिए रूस से परमाणु बम वर्षक विमान चाहते हैं।

रूस के इस बंदरगाह पहुंचकर किम जोंग ने देखे परमाणु बम वर्षक

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन शनिवार सुबह रूस के सुदूर बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक पहुंचे, जहां उन्हें परमाणु हमले करने में सक्षम बम वर्षक विमान दिखाए गए। किम दिन में व्लादिवोस्तोक में रूस के प्रशांत बेड़े में शामिल नौसैनिक पोत का जायजा लेने जा सकते हैं। रूस के प्रिमोर्स्की क्षेत्र के गवर्नर ओलेग कोझेम्याको ने व्लादिवोस्तोक से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) उत्तर-पूर्व में आर्त्योम शहर में किम के आने की घोषणा की। गवर्नर ने एक मैसेजिंग ऐप पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें किम हरे-पीले रंग की ट्रेन से मुस्कराते हुए उतरते दिख रहे हैं और स्कूल के बच्चे उन्हें फूल दे रहे हैं। आर्त्योम पहुंचने के बाद किम व्लादिवोस्तोक हवाई अड्डे पहुंचे, जहां रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और अन्य सैन्य अधिकारियों ने उन्हें परमाणु हमले करने में सक्षम बमवर्षक विमान और अन्य युद्धक विमान दिखाए।

रूस ने उत्तर कोरिया को भेंट में दी ये खतरनाक मिसाइल

किम जोंग उन को खुश करने में रूस भी कोई कोर-कसर बाकी नहीं रख रहा है। रूसी रक्षामंत्री सर्गेई शोइगु ने किम को रूस की नवीनतम मिसाइल ‘हाइपरसोनिक किंझल’ भी भेंट की, जिन्हें मिग-31 लड़ाकू विमान के जरिये दागा जाता है। उत्तर कोरिया की आधिकारिक मीडिया ने शनिवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि किम रूस के अत्याधुनिक युद्धक विमानों का निर्माण करने वाली फैक्टरी को देखकर ‘‘बेहद प्रभावित’’ हुए हैं। किम की यह यात्रा बुधवार को वोस्तोचनी स्पेसपोर्ट में उनके और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत और शुक्रवार को कोम्सोमोल्स्क-ऑन-अमूर में विमान निर्माण संयंत्र के उनके दौरा के बाद हो रही है।

मास्को को हथियार मुहैया कराएंगे किम जोंग

किम जोंग उन अपनी बख्तरबंद ट्रेन से मंगलवार को रूस पहुंचे थे। उन्होंने हथियारों और प्रौद्योगिकी से जुड़े कई स्थलों का दौरा किया। रूस और उत्तर कोरिया पर पश्चिमी देशों ने कई प्रतिबंध लगाए हैं तथा उन्हें अलग-थलग कर दिया है। विशेषज्ञों का मनना है कि दोनों देश अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच द्विपक्षीय संबंधों को गहरा कर रहे हैं। अमेरिका और उसके सहयोगियों की चिंता है कि किम यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बीच मॉस्को को हथियार मुहैया करा सकते हैं और बदले में उत्तर कोरिया को रूस से उन्नत प्रौद्योगिकी मिल सकती है। अमेरिका इससे आशंकित होकर हथियारों की डील मामले पर रूस और उत्तर कोरिया को सख्त चेतावनी भी दे चुका है।

यह भी पढ़ें

उत्तर कोरिया से हथियार डील पर धमकी का रूस ने लिया अमेरिका से बदला, दो राजनयिकों को कर दिया निष्कासित

1000 साल पहले मौजूद थे 3 उंगुलियों और लंबे सिर वाले एलियंस, NASA के सामने मैक्सिको में पेश हुआ दुर्लभ कंकालों का सुबूत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश