ब्रैम्पटनः कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में एक बार फिर गैंगस्टरों से जुड़ी फायरिंग की घटना सामने आई है। कनाडा में रवि ढींडसा के घर के बाहर फायरिंग हुई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर दिया अल्टीमेटम
गैंग के सदस्यों महेंद्र डेलाना और सनी यामा ने सोशल मीडिया पर दिए एक संदेश में दावा किया कि उन्होंने रवि ढींडसा के घर पर फायरिंग करवाई। उन्होंने कहा, "मैं महेंद्र डेलाना, सनी यामा भाईयों... आज ब्रैम्पटन में रवि ढींडसा के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि रवि ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया, इसलिए यह कदम उठाया गया। धमकी भरे लहजे में कहा गया कि अगर 24 घंटे में जवाब नहीं आया तो अगली बार घर के अंदर घुसकर छाती पर गोली मारेंगे। गैंग ने चेतावनी दी कि उनके दुश्मनों को तैयार रहना चाहिए और "जल्द मुलाकात होगी"। यह घटना कनाडा में भारतीय मूल के गैंगस्टरों के बीच चल रही प्रतिद्वंद्विता का हिस्सा मानी जा रही है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अलग होकर एक्शन में रोहित गोदारा गैंग
रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से अलग होकर सक्रिय है और एक्सटॉर्शन, फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। हाल के महीनों में कनाडा में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जो भारत-कनाडा के बीच तनाव का कारण भी बनी हैं। पुलिस ने अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप से मामला गंभीर लग रहा है। फायरिंग के बाद गैंग ने कई अन्य नामों जैसे मोनू ग्रुप, जठेड़ी ग्रुप आदि को भी टैग किया है, जो उनकी व्यापक दुश्मनी का संकेत देता है। यह घटना गैंगवार की नई कड़ी है, जो विदेशों में भी फैल रही है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।