1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस के घातक मिसाइल और ड्रोन अटैक के आगे बेबस हुआ यूक्रेन, 21 लोगों की मौत

रूस के घातक मिसाइल और ड्रोन अटैक के आगे बेबस हुआ यूक्रेन, 21 लोगों की मौत

 Published : Jul 06, 2026 11:20 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 11:24 pm IST

रूस ने यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोनों से अब तक का सबसे बड़ा और विनाशकारी हमला किया। इन हमलों के आगे यूक्रेन का एयर डिफेंस नाकाम साबित हुआ। रूस के ताजा हमलों में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।

ukraine, russia- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद लगी आग Image Source : AP

कीव: रूस के घातक हमलों के आगे यूक्रेन बेबस नजर आ रहा है। उसकी एयर डिफेंस बिल्कुल कमजोर पड़ चुकी है। नतीजे ये हुआ कि रूस की मिसाइलें और ड्रोन बिना किसी प्रतिरोध के अपने निशाने पर जा गिरे। इस हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, रूस द्वारा दागी गई सभी बैलिस्टिक मिसाइल अपने निर्धारित लक्ष्यों तक सटीक तरीके से पहुंचीं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि यूक्रेन के पास 'पैट्रियट इंटरसेप्टर' मिसाइल की कमी लगातार गंभीर होती जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की इस सप्ताह तुर्किये के अंकारा में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे। 

कीव में 15 लोगों की मौत

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक रूस के मुख्य निशाने पर रही राजधानी कीव में 15 लोग मारे गए और 56 अन्य घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख मायकोला कलाशनिक और अन्य अधिकारियों के मुताबिक कीव के आस-पास के इलाके में छह और लोग मारे गए और 21 घायल हो गए। राहत एवं बचाव दल राजधानी में उन दो आवासीय इमारतों के मलबे में जीवित लोगों की तलाश कर रहे हैं, जो सीधे मिसाइल हमले की चपेट में आईं। 

इससे पहले पिछले बृहस्पतिवार को भी रूस के हमले में कीव में 31 लोगों की मौत हुई थी, जो इस वर्ष राजधानी पर सबसे घातक हमला था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह हमला यूक्रेन की हालिया लंबी दूरी की सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में किया गया, जिनसे ईंधन की भारी कमी पैदा हुई और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ा। चार वर्ष से अधिक समय पहले रूस द्वारा शुरू किए गए पूर्ण पैमाने के आक्रमण के बाद हाल के महीनों में ड्रोन प्रौद्योगिकी में प्रगति के कारण यूक्रेन को बढ़त मिली है। 

यूक्रोन का एयर डिफेंस कमजोर पड़ा

विश्लेषकों और पश्चिमी अधिकारियों के मुताबिक यूक्रेन द्वारा अग्रिम मोर्चे के पीछे स्थित सप्लाई रूट पर किए गए हमलों से रूसी सेना की गति धीमी पड़ी है और उसकी सैन्य लागत बढ़ी है। हालांकि, अब रूस यूक्रेन की एयर डिफेंस सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठा रहा है। यूक्रेन बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए मुख्य रूप से अमेरिका निर्मित 'पैट्रियट' प्रणाली पर निर्भर है और इसके बिना ऐसी मिसाइलों को रोकना बेहद कठिन है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण 'पैट्रियट' इंटरसेप्टर मिसाइलों की वैश्विक आपूर्ति पर भी दबाव बढ़ा है। इन मिसाइलों का उत्पादन पहले से ही सीमित संख्या में होता है और इसकी सबसे अधिक मार फिलहाल यूक्रेन पर पड़ रही है। 

 351 ड्रोन और 68 मिसाइलों से हमला

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रातभर में 351 ड्रोन और 68 मिसाइल दागीं, जिनका मुख्य निशाना कीव था। दागी गईं सभी 29 बैलिस्टिक मिसाइल अपने लक्ष्यों पर पहुंचीं। वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर कहा, ''बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन होने चाहिए। रूस इस बात का फायदा उठा रहा है कि यूक्रेन और दुनिया में इंटरसेप्टर मिसाइल की भारी कमी है।'' 

यूक्रेन के पास इंटरसेप्टर मिसाइल की कमी

उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन से पहले जेलेंस्की ने 'एक्स' पर कहा कि यूक्रेनी सुरक्षाबलों ने ड्रोन और क्रूज मिसाइलों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने में कमी रही, जिसका कारण इंटरसेप्टर मिसाइल की अपर्याप्त आपूर्ति है। जेलेंस्की ने 'एक्स' पर कहा, ''जब तक पैट्रियट मिसाइल हमारे सहयोगियों के भंडार में पड़ी रहेंगी, तब तक रूस को आवासीय इमारतों पर हमले जारी रखने का हौसला मिलता रहेगा। अमेरिका और यूरोप के पास इस आतंक को रोकने की पर्याप्त क्षमता है।'' 

यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेदोरोव ने कहा कि रूस पहले के मुकाबले कहीं अधिक बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइल से अटैक कर रहा है और वह 'पैट्रियट' इंटरसेप्टर की भारी कमी का लाभ उठा रहा है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि हमले का निशाना कीव में स्थित हथियार निर्माण कारखाने थे। मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि उसने वायु रक्षा प्रणालियों की मरम्मत से जुड़े प्रतिष्ठानों तथा ईंधन और ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बनाया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी। रूस के हवाई हमलों में बार-बार नागरिक क्षेत्रों को भी नुकसान पहुंचा है।

अब तक 16 हजार से ज्यादा यूक्रेन के नागरिकों की मौत

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, युद्ध में अब तक 16,000 से अधिक यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो चुकी है। कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने 'टेलीग्राम' पर कहा, ''ये आवासीय इमारतें हैं, जहां लोग सो रहे थे और सामान्य जीवन जी रहे थे।'' उन्होंने बताया कि पोडिल्स्की जिले में एक आवासीय इमारत का हिस्सा ढह गया, जबकि दार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है। कीव के उपनगर विश्नेवे में बिना फटे गोला-बारूद के खतरे को देखते हुए लगभग 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में यूक्रेन के 519 ड्रोन नष्ट कर दिए।

ये भी पढ़ें:

जेलेंस्की और पुतिन ने ट्रंप से फोन पर की बात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध खत्म करने की दी पेशकश; जानें क्या बातचीत हुई

पुतिन की फौज से लड़ते-लड़ते और 10 लाख करोड़ के कर्जे में आ गया यूक्रेन, चुकाने में लग जाएंगे 35 साल; रूस का बड़ा दावा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश