यूक्रेन और रूस के बीच तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसने दुश्मन के 52 फाइटर जेट और 69 हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। भारत सरकार छात्रों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जंग के 13वें दिन भी रूसी सेना के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। भारत ने भी यूक्रेन के लिए राहत सामग्री भेजना शुरू कर दिया है। रूस को जंग में कड़ी टक्कर देने में जुटे यूक्रेन ने दुश्मन देश के मेजर जनरल विटाली गेरासिमोव को मार डाला है। 'द कीव इंडिपेंडेंट' ने यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के मुख्य खुफिया निदेशालय के हवाले से यह दावा किया है। इससे पहले रूस के एक और बड़े सैन्य अधिकारी की युद्ध में मौत हो चुकी है।
- Hindi News
- विदेश
- यूरोप
- Russia Ukraine News Live Update: यूक्रेन ने कहा- हमारे 400 से अधिक नागरिक मारे गये, बायडेन रूसी तेल के आयात पर लगा सकते हैं बैन
Russia Ukraine News Live Update: यूक्रेन ने कहा- हमारे 400 से अधिक नागरिक मारे गये, बायडेन रूसी तेल के आयात पर लगा सकते हैं बैन
जंग के 13वें दिन भी रूसी सेना के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। भारत ने भी यूक्रेन के लिए राहत सामग्री भेजना शुरू कर दिया है। रूस को जंग में कड़ी टक्कर देने में जुटे यूक्रेन ने दुश्मन देश के मेजर जनरल विटाली गेरासिमोव को मार डाला है।
Russia Ukraine News 8 Mar
-
9:03 PM (IST) Mar 08, 2022
यूक्रेन ने कहा, हमारे 400 से अधिक नागरिक मारे गये, बायडेन रूसी तेल के आयात पर लगा सकते हैं बैन
कीव/वॉशिंगटन: यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने रूस के हमलों से हुए नुकसान और लोगों के हताहत होने के संबंध में नया अनुमान जारी किया है। उन्होंने कहा कि रूस की सेना के हमलों में 38 लोग मारे गये और 70 से अधिक घायल हो गये। रेजनिकोव ने एक वीडियो संदेश में कहा कि अब तक कुल मिलाकर कम से कम 400 असैन्य नागरिकों की मौत हो गयी और 800 घायल हो गये। उन्होंने कहा, ‘हालांकि ये आंकड़े निश्चित रूप से अधूरे हैं।’ आंकड़ों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
ओलेक्सी रेजनिकोव ने कहा कि रूस के हमलों में 200 से ज्यादा यूक्रेनी स्कूल, 34 अस्पताल और 1,500 आवासीय भवन तबाह हो गये हैं। रेजनिकोव ने अनुमान व्यक्त किया कि हमलों में करीब 10,000 विदेशी छात्र फंसे हो सकते हैं जिनमें अधिकतर भारत, चीन और फारस की खाड़ी से हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि यूक्रेन की सेना ने 11,000 से अधिक रूसी सैनिकों को मार गिराया है।
इस बीच यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के जवाब में रूसी अर्थव्यवस्था पर शिकंजा कसने के मद्देनजर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। रूसी हमले के मद्देनजर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका और पश्चिमी देशों से कई बार रूसी आयात में कटौती का अनुरोध किया है, जिसके बाद अमेरिका यह कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।
रूस के वित्तीय क्षेत्रों पर कई कड़े प्रतिबंध लगाने के बावजूद ऊर्जा निर्यात के जरिए रूस के पास नकदी का प्रवाह जारी है। सूत्रों ने बताया कि बाइडन मंगलवार को ही रूसी तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाने संबंधी घोषणा कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि यूरोपीय देश काफी हद तक ऊर्जा आपूर्ति के लिए रूस पर निर्भर हैं। यूरोप अपनी खपत की करीब एक-तिहाई प्राकृतिक गैस रूस से लेता है।
-
4:58 PM (IST) Mar 08, 2022
सूमी से नागरिकों की निकासी के लिए सुरक्षित गलियारा बनाने पर सहमत हुए रूस और यूक्रेन
कीव: यूक्रेन के पूर्वी शहर सूमी में रूस के हमलों से नागरिकों को बचाने के मकसद से सुरक्षित गलियारा (कॉरिडोर) मंगलवार को खुल सकता है। दोनों पक्षों के अधिकारियों ने यह बात कही। हालांकि नये सिरे से हमलों के बीच निकासी मार्ग बनाने के प्रयास विफल होते दिखे और स्पष्ट नहीं है कि यह अभियान शुरू हुआ तो कितना लंबा चलेगा।
यूक्रेन की प्रधानमंत्री इरिना वेरेश्चुक ने मंगलवार को कहा कि दोनों पक्ष पूर्वी शहर सूमी शहर से नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए यूक्रेन के समयानुसार सुबह 9 से रात 9 बजे तक संघर्ष-विराम के लिए सहमत हो गये हैं। उन्होंने कहा कि सूमी से निकाले जाने वाले लोगों में भारत और चीन के विदेशी छात्र भी शामिल हैं। बसों या निजी कारों में सवार होकर नागरिकों का पहला काफिला सुबह 10 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह 8 बजे) यूक्रेन के शहर पोल्टावा की ओर निकलेगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि रूस के रक्षा मंत्रालय ने इंटरनेशनल रेडक्रॉस को लिखे एक पत्र में इस बारे में सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि इस गलियारे का इस्तेमाल सूमी में मानवीय सहायता लाने के लिए भी किया जाएगा।
-
3:40 PM (IST) Mar 08, 2022
20 लाख के पार हुई यूक्रेन से पलायन करने वाले शरणार्थियों की संख्या
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार यूक्रेन छोड़कर जाने वाले शरणार्थियों की संख्या मंगलवार को 20 लाख पहुंच गयी जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में सबसे बड़ा पलायन है। शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी ने ट्विटर पर लिखा, ‘आज यूक्रेन छोड़कर जाने वाले शरणार्थियों की संख्या 20 लाख हो गयी है।’ यह जानकारी ऐसे समय में आई है जब सुरक्षित गलियारों से नागरिकों को निकालने के प्रयासों को लेकर अंतत: मंगलवार को उम्मीद नजर आई। रूसी हमलों से बचने के लिए वहां के अधिकारियों ने नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए जिन पांच गलियारों का वादा किया है, उनमें एक पूर्वी शहर सूमी से निकलने का भी है।
-
1:08 PM (IST) Mar 08, 2022
6 लाख लोगों को यूक्रेन से बचाया गया
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया, खारकीव से 6 लाख से अधिक लोगों को पहले ही निकाला जा चुका है।
-
10:52 AM (IST) Mar 08, 2022
क्या खत्म होने वाला है युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को आज 13वां दिन है। 10 मार्च को रूस और यूक्रेन के विदेश मंत्री तुर्की में मुलाकात करेंगे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि युद्ध खत्म हो सकता है।
-
8:52 AM (IST) Mar 08, 2022
1 लाख 68 हजार लोगों को सुरक्षित बचाया गया-
UNSC मीटिंग में रूस की तरफ से जानकारी दी गई, 'स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन वाले इलाकों से 24 घंटे में 1 लाख 68 हजार लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। 5 हजार 550 लोगों ने बॉर्डर क्रॉस किया था। हम यूक्रेन से आने वाले नागरिकों के लिए अस्थायी आवास बिंदु भी स्थापित कर रहे हैं।'
-
8:39 AM (IST) Mar 08, 2022
रूसी सेना ने किया था हवाई हमला
सूमी में रूसी सेना ने एक बिल्डिंग पर हवाई हमला किया था। सूमी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने बताया, 'रूसी सेना के हमले में मारे गए लोगों में बच्चे भी हैं। इस हमले में 10 लोगों की मौत हुई थी।'
-
7:17 AM (IST) Mar 08, 2022
230 कंपनियों ने छोड़ा रूस
युद्ध की कीमत रूस को लगातार चुकानी पड़ रही है। अभी तक 230 कंपनियों ने रूस छोड़ चुकी हैं।