1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine News: रूस लगातार कर रहा हमले, लेकिन यूक्रेन भी ताकत से दे रहा जवाब, क्या है वजह?

Russia Ukraine News: रूस लगातार कर रहा हमले, लेकिन यूक्रेन भी ताकत से दे रहा जवाब, क्या है वजह?

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 27, 2022 01:50 pm IST,  Updated : Feb 27, 2022 01:50 pm IST

रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जारी हमले के दौरान उसके हवाई अड्डों और ईंधन सुविधा केंद्रों को निशाना बनाया है। यह हमले का दूसरा चरण प्रतीत हो रहा है, जो तीव्र प्रतिरोध के कारण धीमा हुआ है। 

Russia Ukraine News- India TV Hindi
Russia Ukraine News Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • जेलेंस्की ने कहा- यूक्रेन की आजादी के लिए अंतिम समय तक लड़ते रहेंगे
  • रूस ने यू्क्रेन के ईधन आपूर्ति केंद्रों, हवाई अड्डों को निशाना बनाया
  • युद्ध जारी रहा तो 40 लाख लोग कर सकते हैं पलायन

Russia Ukraine News: रूस और यूक्रेन के बीच जंग का रविवार को चौथा दिन है। पहले दो दनि रूस ने जहां एकतरफा मुकाबला करके यूक्रेन को असहाय कर दिया था। लेकिन रूस द्वारा कुछ शहरों पर कब्जा करने के बाद वहां यूक्रेन ने फिर कब्जा कर लिया। साथ ही राजधानी कीव में रूस लगातार कब्जे की कोशिश कर रहा है, लेकिन यह उसके इसलिए इतना आसान नहीं हो पा रहा है। वहीं  जर्मनी भी अब यूक्रेन को सहयोग पर उतर आया है। जर्मनी ने कहा है कि यूक्रेन को मिसाइल और टैंक रोधी हथियार भेजेगा और रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर देगा। वहीं अमेरिका और नाटो ने भी रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। हालांकि शक्तिशाली रूस लगातार और तेज हमले कर रहा है। 

अमेरिका, यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को मुहैया कराए गोला-बारूद

रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जारी हमले के दौरान उसके हवाई अड्डों और ईंधन सुविधा केंद्रों को निशाना बनाया है। यह हमले का दूसरा चरण प्रतीत हो रहा है, जो तीव्र प्रतिरोध के कारण धीमा हुआ है। अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन को हथियार एवं गोला-बारूद मुहैया कराए हैं तथा रूस को और अलग-थलग करने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव के दक्षिण में रविवार तड़के बड़े विस्फोट हुए और लोग रूसी बलों द्वारा बड़े पैमाने पर हमले किए जाने की आशंका के कारण अपने घरों, भूमिगत गैराजों और उपनगर स्टेशनों में छिप गए।

रूस ने खारकीव की गैस पाइपलाइन में किया विस्फोट

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के कार्यालय और निकटवर्ती वासिलकीव कस्बे के मेयर ने बताया कि राजधानी से करीब 25 मील दक्षिण में झुलियानी हवाई अड्डे के निकट एक तेल डिपो से धुआं निकलता दिखाई दिया। जेलेंस्की के कार्यालय ने बताया कि रूसी बलों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में एक गैस पाइपलाइन में भी विस्फोट कर दिया। जेलेंस्की ने संकल्प लिया, ‘हम अपने देश को आजाद कराने के लिए अंतिम समय तक लड़ते रहेंगे।’ सरकार ने 39 घंटे का कर्फ्यू लागू किया है, ताकि लोग सड़कों पर नहीं निकलें।

युद्ध जारी रहा तो 40 लाख लोग कर सकते हैं पलायन

यूक्रेन से 1,50,000 से अधिक लोग पोलैंड, मोलदोवा और अन्य देशों में चले गए हैं और संयुक्त राष्ट्र ने सचेत किया है कि यदि युद्ध जारी रहा, तो यह संख्या 40 लाख से अधिक हो सकती है। अमेरिका ने टैंक-रोधी हथियारों और छोटे हथियारों सहित यूक्रेन को 35 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता देने का संकल्प लिया है।

यूक्रेन को जर्मनी देगा मिसाइल टैंकरोधी हथियार

जर्मनी ने कहा कि वह यूक्रेन को मिसाइल और टैंक रोधी हथियार भेजेगा और रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर देगा। यूक्रेन पर रूसी हमले के मद्देनजर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों एवं साझेदारों ने वैश्विक वित्तीय तंत्र ‘स्विफ्ट’ वित्तीय प्रणाली से प्रतिबंधित रूसी बैंकों को अलग करने और रूस के केंद्रीय बैंक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने का फैसला किया है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस युद्ध में तीन बच्चों समेत 198 लोगों की मौत हुई है और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश