1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia-Ukraine War: पुतिन की ईरान में यूक्रेनी अनाज की एक्सपोर्ट वार्ता के बीच, रूसी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा में दागी मिसाइलें

Russia-Ukraine War: पुतिन की ईरान में यूक्रेनी अनाज की एक्सपोर्ट वार्ता के बीच, रूसी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा में दागी मिसाइलें

 Published : Jul 19, 2022 10:21 pm IST,  Updated : Jul 19, 2022 10:21 pm IST

Russia-Ukraine War: रूस ने हालिया हफ्तों में यूक्रेन के ओडेसा और दक्षिण यूक्रेन के कई हिस्सों को निशाना बनाया है जहां उसके सैनिकों ने युद्ध के शुरुआती दिनों में कंट्रोल बनाया था।

Russian President Vladimir Putin (file Photo) - India TV Hindi
Russian President Vladimir Putin (file Photo) Image Source : AP

Highlights

  • रूसी सेना ने ओडेसा इलाके में सात कैलिबर क्रूज मिसाइल दागी
  • रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बिलेंके गांव पर हमले का लक्ष्य सैन्य ठिकाना था
  • पुतिन यूक्रेन के अनाज के निर्यात को खोलने पर चर्चा करने के लिए ईरान में हैं

Russia-Ukraine War: रूस ने मंगलवार तड़के दक्षिणी यूक्रेन के शहर ओडेसा के आसपास के गांवों पर मिसाइल दागकर इमारतों, एक स्कूल और एक सामुदायिक केंद्र को निशाना बनाया। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के अनाज के निर्यात को खोलने के लिए संयुक्त राष्ट्र समर्थित प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए ईरान में हैं। रूसी सेना ने ओडेसा क्षेत्र में सात कैलिबर क्रूज मिसाइल दागी। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बिलेंके गांव पर हमले का लक्ष्य सैन्य ठिकाना था। ‘‘अमेरिका तथा यूरोपीय देशों द्वारा दिए गए हथियारों के डिपो को नष्ट कर दिया गया।’’ 

एक स्थानीय अधिकारी ने रूस के दावे को खारिज किया

यूक्रेन के एक स्थानीय अधिकारी ने रूस के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि हमले में छह लोग घायल हो गए। ओडेसा क्षेत्रीय सरकार के स्पीकर सर्हेई ब्राटचुक ने कहा, ‘‘रिहायशी क्षेत्र पर हमले किए गए। उनका एकमात्र लक्ष्य लोगों और प्रशासन को डराना तथा हमेशा तनाव बनाए रखना है।’’ रूस की सेना ने हालिया हफ्तों में ओडेसा और दक्षिण यूक्रेन के कई हिस्सों को निशाना बनाया है जहां उसके सैनिकों ने युद्ध के शुरुआती दिनों में कंट्रोल बनाया था। इन क्षेत्रों पर यूक्रेन के संभावित जवाबी हमलों के मद्देनजर रूस ने हमले तेज किए हैं। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश भर में रूसी सैनिकों की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। इस बीच, पूर्वी हिस्से में यूक्रेन के सैनिक इलाके पर कंट्रोल बनाए रखने के लिए जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। 

"रूस युद्ध के शुरुआत से ही प्रभावी क्षमता दिखाने में संघर्ष कर रहा" 

दोनेत्सक के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने टेलीविजन पर कहा, ‘‘मिसाइल हमलों से शहरों के बुनियादी ढांचे को व्यवस्थित रूप से नष्ट किया जा रहा है और जरूरी सुविधाओं से वंचित नागरिक आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित है।’’ वहीं, ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने युद्ध को लेकर अपने आकलन में कहा कि रूस आक्रमण की शुरुआत से ही प्रभावी क्षमता दिखाने में संघर्ष कर रहा है। दिन बीतने के साथ यह समस्या गंभीर होती जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना आगे कुछ और इलाकों पर कंट्रोल कर ले लेकिन उसकी युद्धक क्षमता कमजोर हुई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश