1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जहाज पर सवार होकर भारत से स्कॉटलैंड पहुंच गई गिलहरी, होना पड़ा क्वारंटीन

जहाज पर सवार होकर भारत से स्कॉटलैंड पहुंच गई गिलहरी, होना पड़ा क्वारंटीन

 Published : Sep 02, 2022 07:16 pm IST,  Updated : Sep 02, 2022 07:16 pm IST

जहाज के क्रू मेंबर ने गिलहरी को भारत से स्कॉटलैंड की अपनी 3 हफ्ते की यात्रा के दौरान पकड़ा था।

Squirrel India to Scotland, Indian Squirrel in Scotland, Squirrel in Scotland- India TV Hindi
क्वारंटीन में पड़ी जिपी गिलहरी। Image Source : FACEBOOK.COM/THENEWARC.ORG

Squirrel Reaches from India to Scotland: दुनिया में हर पल कुछ न कुछ दिलचस्प होता ही रहता है। रोज ही कई ऐसी खबरें आती हैं जिन्हें पढ़कर मुस्कुराए बिना नहीं रहा जाता। ताजा मामला एक गिलहरी का है, जो पानी के एक जहाज पर सवार होकर भारत से हजारों मील दूर स्कॉटलैंड पहुंच गई। नॉर्थ ईस्ट वाइल्डलाइफ ऐं एनिमल रेस्क्यू सेंटर (NEW ARC) ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि एक जहाज के क्रू मेंबर्स ने इस गिलहरी को पकड़कर उनके हवाले किया था।

3 हफ्ते की यात्रा के बाद पहुंची स्कॉटलैंड

NEW ARC के बचावकर्ताओं ने कहा कि 'Deep Explorer' नाम के जहाज के क्रू मेंबर ने गिलहरी को भारत से स्कॉटलैंड की अपनी 3 हफ्ते की यात्रा के दौरान पकड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहाज के क्रू मेंबर्स ने गिलहरी का अच्छी तरह ख्याल रखा और उसे अंगूर वगैरह खिलाते रहे। गिलहरी को जहाज पर काम कर रहे लोगों ने पहले ही देख लिया था लेकिन वह इतनी तेज थी कि उसे पकड़ने में थोड़ा वक्त लग गया।


फिलहाल क्वारंटीन में है गिलहरी Zippy
जहाज में पकड़ी गई यह गिलहरी पांचधारी प्रजाति की है जो कि भारत में आमतौर पर हर इलाके में दिख जाती है। भारत के अलावा यह गिलहरी नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और ईरान में भी पाई जाती है। इस गिलहरी को  NEW ARC की टीम ने जिपी (Zippy) नाम दिया है और फिलहाल यह क्वारंटीन में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिलहरी की हालत बिल्कुल ठीक है और उसका व्यवहार भी सामान्य है। 

गिलहरी के लिए ढूंढ़ा जा रहा है ठिकाना
उसकी देखभाल कर रहे लोगों ने बताया कि शुरू में वह थोड़ा डरी हुई लग रही थी लेकिन आसपास के माहौल से घुलमिल गई है। NEW ARC की टीम अब इस गिलहरी के लिए एक स्थायी ठिकाने की तलाश कर रही है। रिपोर्ट्स के मुतबिक, NEW ARC के लोगों ने पहले गिलहरी को भारत वापस भेजने का सोचा था, लेकिन यह संभव नहीं है। ऐसे में गिलहरी को किसी ऐसे चिड़ियाघर को देने की कोशिश हो रही है जहां पहले से उसकी प्रजाति की गिलहरियां रह रहीं हो।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश