1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. फ्रांस, स्पेन, पुर्तगाल... आखिर किस वजह से जंगल की आग से धधक रहे यूरोपीय देश? फाइटर पायलट की मौत, घर छोड़ने को मजबूर हजारों लोग

फ्रांस, स्पेन, पुर्तगाल... आखिर किस वजह से जंगल की आग से धधक रहे यूरोपीय देश? फाइटर पायलट की मौत, घर छोड़ने को मजबूर हजारों लोग

 Written By: Shilpa
 Published : Jul 17, 2022 03:00 pm IST,  Updated : Jul 17, 2022 03:12 pm IST

यूरोपीय संघ ने रविवार को अपने अग्निशमन हवाई बेड़े सहायता कार्यक्रम को सक्रिय किया, जो सदस्य देशों को पुर्तगाल की मदद के लिए संसाधनों को साझा करने की अनुमति देता है।

wildfire in europe- India TV Hindi
wildfire in europe Image Source : PTI

Highlights

  • 3000 से अधिक दमकलकर्मी आग के खिलाफ जंग लड़ रहे
  • फ्रांस में 11,300 से अधिक लोगों ने अपने घरों को छोड़ा
  • ईयू ने अग्निशमन हवाई बेड़े सहायता कार्यक्रम को सक्रिय किया

Wildfire in European Countries: इस समय स्पेन, पुर्तगाल और फ्रांस सहित यूरोप के कई देश जंगलों में लगी आग का सामना कर रहे हैं। जिसके चलते हजारों लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है। यहां आग लगने के चलते तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में गर्मी भी काफी ज्यादा हो गई है। स्थिति कितनी ज्यादा खराब है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि शुक्रवार को जंगलों की आग की वजह से देश के पूर्वोत्तर हिस्से में पुर्तगाल के एक फायर फाइटर पायलट की मौत हो गई थी।  

ये पायलट आग बुझाने के अभियान में शामिल था। पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, 'मुझे उस पायलट की मौत की खबर मिली, जो आज दोपहर क्रैश होने वाले विमान को उड़ा रहे थे। इससे मुझे बहुत दुख पहुंचा है।' प्रधानमंत्री ने पायलट के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने आग बुझाने के खिलाफ जारी अभियान में लगे सभी लोगों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है।

हजारों दमकलकर्मी बुझा रहे आग

पुर्तगाल इस हफ्ते जंगल की आग से काफी ज्यादा प्रभावित रहा है। न केवल देश के आम नागरिक बल्कि 3000 से अधिक दमकलकर्मी भी इस आग के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में जंगलों की आग के चलते लोगों के लिए अपने घरों को सुरक्षित करना मुश्किल हो रहा है। आगे के पीछे का कारण गर्मी के चलते हुआ बेहद अधिक तापमान और सूखे की स्थिति को बताया जा रहा है। देश की नागरिक सुरक्षा एजेंसी का कहना है कि शुक्रवार को 10 स्थानों पर आग लगने का सिलसिला जारी रहा है। इनमें उत्तरी हिस्से में लगी आग ने सबसे ज्यादा चिंता पैदा की है।

पुर्तगाल के अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 29 लोग घायल हो गए हैं। पुर्तगाल के सरकारी टेलीविजन ‘आरटीपी’ और अन्य स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, अधिकारियों ने कहा कि आग से मामूली रूप से झुलसे 12 दमकलकर्मियों और 17 नागरिकों को इलाज के लिए चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। रविवार दोपहर तक पुर्तगाल की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि 3,000 से अधिक दमकलकर्मी आग का मुकाबला कर रहे हैं।

फ्रांस में भी आग के चलते यही हालात

फ्रांस की बात करें, तो यहां आग बुझाने का काम 1000 दमकलकर्मी कर रहे हैं। इसके साथ ही ऊपर से पानी फेंकने के लिए 10 विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां दक्षिणपश्चिमी हिस्से के बोर्डो क्षेत्र में अधिक तापमान और तेज हवाओं के कारण दो स्थानों के जंगलों में आग लग गई। इसकी वजह से 11,300 से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर जाने पर मजबूर होना पड़ा है। इन देशों के अलावा स्पेन, क्रोएशिया और हंगरी भी इस हफ्ते आग से जूझ रहे हैं। हंगरी में गुरुवार को आठ गावों के करीब 400 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनके घरों में भी भीषण आग लग गई थी, जिसकी लपटें पास के मोनफ्रेग नेशनल पार्क तक पहुंच गई थीं।  

यूरोपीय संघ ने रविवार को अपने अग्निशमन हवाई बेड़े सहायता कार्यक्रम को सक्रिय किया, जो सदस्य देशों को पुर्तगाल की मदद के लिए संसाधनों को साझा करने की अनुमति देता है। यूरोपीय संघ के संकट आयुक्त, जेनेज लेनार्सिक के अनुसार, स्पेन ने भी तुरंत मदद की पेशकश की। स्पेन ने हाल में जंगल की आग का भी सामना किया है। पुर्तगाल की सरकार ने कहा कि उसने जमीन पर तैनात अपने कर्मियों की सहायता के लिए 60 विमान तैनात किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश