कीव: यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से भेजे गए शुभकामना संदेश पर राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आभार जताया है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस के साथ जारी युद्ध का सम्मानजनक अंत लाखों यूक्रेनियों का सबसे बड़ा सपना है और इस दिशा में पूरी दुनिया को मिलकर शांति का रास्ता तैयार करने में मदद करनी चाहिए।
शांति की कामना करने के लिए धन्यवाद
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से यूक्रेन के लोगों के लिए बधाई संदेश प्राप्त कर खुशी हुई। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को शांति की कामना करने के लिए धन्यवाद दिया।
जेलेंस्की ने कहा कि जब यूक्रेन अपनी आजादी की 35वीं वर्षगांठ मना रहा है, तब रूस के युद्ध का सम्मानजनक अंत लाखों यूक्रेनियों की सबसे बड़ी इच्छा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी दुनिया को एकजुट होकर शांति की दिशा में रास्ता बनाना होगा।
जेलेंस्की भारत के साथ संबंधों को लेकर भी काफी सकारात्मक हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन भारत के साथ आगे भी आपसी हितों पर आधारित और लाभकारी संवाद को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके इस बयान को भारत और यूक्रेन के बीच कूटनीतिक एवं द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
यूरोपियन लीडर्स भी शामिल हुए
जहां एक ओर रूस की ओर से यूक्रेन पर हमला जारी है वहीं यूक्रेन की आज़ादी की 35वीं सालगिरह मनाने और उसके लॉन्ग-रेंज मिसाइल प्रोग्राम को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यूरोपियन लीडर्स भी शामिल हुए। फरवरी 2022 से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। बता दें कि यूक्रेन सोवियत संघ से अलग होकर एक नए राष्ट्र के तौर पर उभरा था। यूक्रेन के लॉमेकर्स ने 24 अगस्त, 1991 को देश की आज़ादी की घोषणा करने के लिए वोट किया था, और उसी साल बाद में देश भर में हुए रेफरेंडम में इसे भारी बहुमत से मंज़ूरी मिली थी।
युद्ध का सम्मानजनक अंत चाहता है यूक्रेन
जेलेंस्की ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को संबोधित करते हुए रूस के खिलाफ जारी युद्ध और शांति की उम्मीदों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लाखों यूक्रेनी नागरिकों का सबसे बड़ा सपना रूस के युद्ध का सम्मानजनक अंत और स्थायी शांति है। जेलेंस्की ने यूक्रेन की पब्लिक, आर्मी और सहयोगी देशों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कठिन हालात के बावजूद देश एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने रूस पर आरोप लगाया कि वह शांति नहीं चाहता है। साथ ही जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन अपनी जमीन और स्वतंत्रता से समझौता नहीं करेगा। बता दें कि ज़ेलेंस्की ने पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ एक मीटिंग में उस लाइसेंसिंग पर बातचीत की, जिससे उनका देश पैट्रियट इंटरसेप्टर बना सकेगा। ज़ेलेंस्की का कहना है कि उन्होंने ट्रम्प के साथ पैट्रियट मिसाइलों के प्रोडक्शन पर बातचीत की। (ANI)
ये भी पढ़ें:
रूस पर यूक्रेन की बड़ी एयरस्ट्राइक, 822 ड्रोनों से किया हमला, मचा हड़कंप