वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यूरोप और यूनान के नेतृत्व से ऋण संकट का ऐसा हल निकालने के लिए कहा है जिससे पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था को फायदा हो। यूनान के प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास ने कल ओबामा से फोन पर बात की और उन्हें संकट के बारे में बताया। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री सिप्रास से यूनान और उसके ऋणदाताओं के बीच संकट के हल की गुंजाइश के संबंध में जानकारी मिली। बयान के मुताबिक ओबामा ने कहा कि यह सबके हित में है कि यूनान और उसके ऋणदाता आपसी सहमति वाले समझौते पर पहुंचे।
बयान में कहा गया कि उन्होंने यूनान के ऋण संकट के संबंध में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल से भी बात की। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि यह सबके हित में है कि वे स्थाई समझौते पर पहुंचे जिससे यूनान को सुधार शुरू करने, वृद्धि की ओर वापसी और यूरोक्षेत्र के दायरे में ऋण वहनीयता हासिल हो। इसमें कहा गया कि दोनों नेताओं ने कहा कि उनके आर्थिक दल यूनान में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जॉश अर्नेस्ट ने संवाददाताओं से कहा बातचीत से यह जाहिर होता है कि सभी पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि यूनान का यूरोक्षेत्र का अंग बने रहना उनके सामूहिक और आपसी हित में है।