अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस अवधारणा को ख़ारिज किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन 'हत्यारे' हैं बल्कि ये भी कहा कि अमेरिका भी मासूम नही है और अमेरिका में भी 'कई हत्यारे' हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने ये बात फॉक्स न्यूज़ के साथ एक साक्षात्कार में कही है। ये साक्षात्कार अभी प्रसारित नहीं हुआ है। साक्षात्कार के एक अंश में ट्रंप ने कहा कि वह पुतिन का 'सम्मान' करते हैं, लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि वह साथ आएंगे। उन्होंने कहा, 'मैं कई लोगों का सम्मान करता हूं, लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि मैं उनके साथ जा रहा हूं, वह अपने देश के नेता हैं। मेरा मानना है कि रूस के साथ न जाने से बेहतर होगा उसके साथ जाना। रूस अगर आईएसआईएस और दुनिया भर में इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ जंग, जो एक बड़ी लड़ाई है, में हमारी मदद करता है तो ये अच्छी बात है।'
वहीं इंटरव्यू लेने वाले ने जब रूसी सरकार पर लगे हत्या कराने के आरोपों का हवाला देकर रूसी नेता को 'हत्यारा' कहा, तो ट्रंप ने कहा, 'वहां कई हत्यारे हैं। हमारे यहां भी कई हत्यारे हैं। आपको क्या लगता है? क्या हमारा देश इतना मासूम है?'
पिछले हफ्ते करीब घंटे भर हुई बातचीत के दौरान ट्रंप और पुतिन ने आईएसआईएस के खिलाफ 'वास्तविक समन्वय' स्थापित करने पर सहमति जताई थी, जिसकी व्हाइट हाउस ने महत्वपूर्ण शुरुआत बताकर प्रशंसा की थी।