न्यूयॉर्क: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत का इरादा पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध रखने का है, लेकिन उधर से आने वाला आतंकवाद एक बड़ा मुद्दा है। कल यहां इंडो-अमेरिकन चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित एक उद्योग चर्चा में भारत-पाकिस्तान संबंधों के बारे में एक सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा, ‘हमारा इरादा हमेशा पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध रखने का रहा है। हमारी तरफ से कोई समस्या नहीं है, लेकिन आतंकवाद की आमद और आतंकी संगठन एक बड़ा मुद्दा है।’
एक सप्ताह की अमेरिका यात्रा पर आए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कोई और टिप्पणी करने से इनकार किया। हिजबुल मुजाहिदीन के शीर्ष आतंकी बुरहान वानी को सुरक्षाबलों द्वारा ढेर किए जाने से कश्मीर घाटी में उत्पन्न तनाव पर भारत और पाकिस्तान के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है।
गडकरी ने कहा कि भारत को अगले 18 महीनों में चाबहार बंदरगाह के पूरा हो जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस बंदरगाह से भारत को पाकिस्तान जाए बिना अफगानिस्तान और रूस तक सीधे पहुंच मिल जाएगी।
गडकरी ने कहा कि बंदरगाह भारतीय उद्यमियों के लिए नए विकास अवसरों का गेटवे होगा।