1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Coronavirus cases in New York City: न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 10,000 के पार पहुंची

Coronavirus cases in New York City: न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 10,000 के पार पहुंची

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 15, 2020 08:56 am IST,  Updated : Apr 15, 2020 08:56 am IST

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मंगलवार को कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 10,000 के पार चली गई है। अधिकारियों ने तकरीबन उन 4000 लोगों के मारे जाने का अनुमान जताया है जो जांच में कभी संक्रमित नहीं पाए गए लेकिन उनकी कोविड-19 से मौत की आशंका है।

New York City, Coronavirus, Death Toll, Coronavirus in New York- India TV Hindi
New York City Coronavirus Death Toll till April 15 Image Source : AP

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मंगलवार को कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 10,000 के पार चली गई है। अधिकारियों ने तकरीबन उन 4000 लोगों के मारे जाने का अनुमान जताया है जो जांच में कभी संक्रमित नहीं पाए गए लेकिन उनकी कोविड-19 से मौत की आशंका है। शहर के स्वास्थ्य विभाग ने एलान किया कि 3,778 लोगों की इस बीमारी से मौत होने की आशंका है। नए आंकड़ों से पता चलता है कि अमेरिका में कोरोना वायरस का केंद्र बने इस शहर में इस संक्रामक रोग से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 10,367 पर पहुंच गई है। 

शहर के स्वास्थ्य आयुक्त ओक्सीरिस बारबोट ने कहा, 'ये आंकड़े विषाणु के हमारे शहर पर पड़े असर को दिखाता है और साथ ही ये इस महामारी के स्तर का पता लगाने में हमारी मदद करेंगे और हमारे फैसलों के लिए हमारा मार्गदर्शन करेंगे।' विभाग के दिशा निर्देशों के अनुसार, जिन लोगों के मारे जाने का अनुमान जताया गया है, वे ऐसे लोग हैं जो कोरोना वायरस की जांच में संक्रमित नहीं पाए गए थे लेकिन उनके मौत के प्रमाणपत्र में मौत की वजह कोविड-19 या उसके जैसी कोई बीमारी बताई गई है। 

अमेरिका में तेजी से फैल रहे इस संक्रामक रोग का सबसे अधिक दंश न्यूयॉर्क शहर ने झेला है जहां पूरे देशभर में मारे गए लोगों की लगभग आधी संख्या है। गत सप्ताह मेयर बिल डी ब्लासियो ने बताया था कि घरों में मारे गए कई लोगों को कोविड-19 के कारण मरने वाले लोगों के तौर पर नहीं गिना गया जबकि उनकी मौत का कारण यह बीमारी रही होगी। नर्सिंग होम्स तथा अन्य देखभाल केंद्रों में भी और मौतें होने की आशंका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश