1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का मुद्दा उठाने पर एक बार फिर हुई पाकिस्तान की ‘अंतर्राष्ट्रीय बेइज्जती’

संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का मुद्दा उठाने पर एक बार फिर हुई पाकिस्तान की ‘अंतर्राष्ट्रीय बेइज्जती’

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 27, 2018 03:00 pm IST,  Updated : Jan 27, 2018 03:00 pm IST

पश्चिम एशिया की वर्तमान अशांत स्थिति पर बहस के दौरान जब संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने कश्मीर मुद्दा उठाया तो...

Maleeha Lodhi | AP Photo- India TV Hindi
Maleeha Lodhi | AP Photo

संयुक्त राष्ट्र: पाकिस्तान को एक बार फिर कश्मीर मुद्दा उठाने पर संयुक्त राष्ट्र में बेइज्जत होना पड़ा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के भारत एवं पाकिस्तान के बीच दखल देने की किसी कोशिश से इनकार करने के कुछ ही दिन बाद पाकिस्तान की शीर्ष राजनयिक ने सुरक्षा परिषद में पश्चिम एशिया पर बहस के दौरान कश्मीर मुद्दा उठाया। पश्चिम एशिया की वर्तमान अशांत स्थिति पर बहस के दौरान जब संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने कश्मीर मुद्दा उठाया तो हमेशा की तरह उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।

बृहस्पतिवार को सुरक्षा परिषद में चर्चा में हिस्सा लेते हुए लोधी ने कहा, ‘किसी भी विदेशी कब्जे में रह रहे लोगों की भांति फिलिस्तीन की वैध आकांक्षाओं का पाकिस्तान समर्थन करता रहेगा। कश्मीर भी उसका एक उदाहरण है। इस प्रतिष्ठित निकाय को कश्मीर की भांति फिलिस्तीन एवं अन्य लंबित विवादों पर अपनी जिम्मेदारियों पर खरा उतरना चाहिए एवं अपने प्रस्तावों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए।’ इसी हफ्ते शुरु में संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर पर किसी भी प्रकार की मध्स्थता के प्रयास करने से इनकार किया था तथा कहा था कि भारत एवं पाकिस्तान को वार्ता के माध्यम से अपने सभी लंबित मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों के कई हमलों एवं संघर्ष विराम उल्लंघनों के चलते भारत एवं पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव आ गया है। भारत कश्मीर मुद्दे के समाधान में किसी भी तीसरे पक्ष के दखल के विरुद्ध है जबकि पाकिस्तान इस विवाद के समाधान के लिए निरंतर हस्तक्षेप की मांग करता रहा है। हालांकि संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का मुद्दा उठाने पर पाकिस्तान को हमेशा मुंह की खानी पड़ी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश