1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अब कभी नहीं मिल पाएगी पत्रकार खशोगी की लाश? सऊदी अधिकारी ने दिया चौंकाने वाला बयान

अब कभी नहीं मिल पाएगी पत्रकार खशोगी की लाश? सऊदी अधिकारी ने दिया चौंकाने वाला बयान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 11, 2019 09:33 am IST,  Updated : Feb 11, 2019 09:33 am IST

तुर्की के इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब के दूतावास में मार दिए गए पत्रकार जमाल खशोगी की लाश के बारे में शायद कभी नहीं पता लग पाएगा।

Saudis don't know where Khashoggi's body is, says official | AP File- India TV Hindi
Saudis don't know where Khashoggi's body is, says official | AP File

वॉशिंगटन: तुर्की के इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब के दूतावास में मार दिए गए पत्रकार जमाल खशोगी की लाश के बारे में शायद कभी नहीं पता लग पाएगा। दरअसल, खशोगी के शव के बारे में सऊदी अरब को कोई जानकारी नहीं है। सऊदी अरब के अधिकारियों एक दल द्वारा खशोगी की हत्या की पुष्टि होने के बाद भी देश के विदेश मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी का यह बयान बेहद चौंकाने वाला है। गौरतलब है कि ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ के पत्रकार जमाल खशोगी की 2 अक्टूबर, 2018 को इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब दूतावास में दाखिल होने के बाद हत्या कर दी गई थी। उनका शव अब तक बरामद नहीं हुआ है। 

एक वक्त पर सऊदी अरब के वली अहद मोहम्मद बिन सलमान के बेहद करीबी रहे खशोगी हाल के दिनों में उनके मुखर आलोचक बन गए थे। सऊदी अरब के विदशी मामलों के मंत्री अदेल अल-जुबेर ने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारियों ने बिना किसी अनुमति के खशोगी की हत्या की और इस सिलसिले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। खशोगी के शव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने समाचार चैनल ‘सीबीएस’ से कहा, ‘हमें नहीं पता।’ जुबेर ने कहा कि इस मामले के सरकारी वकील ने तुर्की से सबूत मांगे थे लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला।

यह पूछ जाने पर कि हिरासत में लिए लोग उसके शव के बारे में क्यों नहीं बता रहे, जुबेर ने कहा, ‘हम जांच कर रहे हैं। हमें कई आशंकाएं हैं और हम उनसे पूछ रहे हैं कि उन्होंने शव का क्या किया और मुझे लगता है कि जांच जारी है और उम्मीद है कि अंत में सच सामने आएगा।’ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खशोगी मामले पर रिपोर्ट दायर करने के लिए कांग्रेस द्वारा दी अंतिम समय सीमा को नजरअंदाज करने के साथ ही जुबेर ने शुक्रवार को यह बयान दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश