1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. WHO ने कोवैक्सीन पर भारत बायोटेक से मांगी और ज्यादा जानकारी

WHO ने कोवैक्सीन पर भारत बायोटेक से मांगी और ज्यादा जानकारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 18, 2021 11:25 pm IST,  Updated : Oct 18, 2021 11:25 pm IST

डब्ल्यूएचओ का यह ट्वीट उसकी मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन के यह कहने के एक दिन बाद आया है कि एजेंसी का तकनीकी सलाहकार समूह 26 अक्टूबर को भारत के कोवैक्सीन को आपातकालीन उपयोग सूची में सूचीबद्ध करने पर विचार करने के लिए बैठक करेगा।

WHO to consider emergency use listing of Covaxin on 26 October- India TV Hindi
WHO ने कहा कि वह कोविड-19 वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ के बारे में एक अतिरिक्त जानकारी की उम्मीद कर रहा है। Image Source : PTI

संयुक्त राष्ट्र: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सोमवार को कहा कि वह भारत बायोटेक से उसके कोविड-19 वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ के बारे में एक अतिरिक्त जानकारी की उम्मीद कर रहा है और उसने इस बात पर जोर दिया है कि यह सुनिश्चित करने के लिए उसका पूरी तरह से मूल्यांकन करना होगा कि वैक्सीन सुरक्षित है और इसे जैसे-तैसे हड़बड़ी में तो नहीं बनाया गया, उसके बाद ही इसे आपातकालीन उपयोग के लिये मंजूरी दी जा सकती है। कोवैक्सीन विकसित करने वाले हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने अपने वैक्सीन के लिए 19 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन को ईओआई (रुचि की अभिव्यक्ति) प्रस्तुत की थी। 

वैश्विक स्वास्थ्य संगठन ने एक ट्वीट में कहा, “हम जानते हैं कि बहुत से लोग कोविड-19 आपातकालीन उपयोग सूची में कोवैक्सीन के शामिल होने के वास्ते डब्ल्यूएचओ की सिफारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन हम हड़बड़ी में ऐसा नहीं कर सकते हैं - आपातकालीन उपयोग के लिए किसी उत्पाद की सिफारिश करने से पहले, हमें यह सुनिश्चित करने के लिए इसका अच्छी तरह से मूल्यांकन करना होगा कि वह सुरक्षित और प्रभावी है।” 

उसने कहा, “भारत बायोटेक - कोवैक्सीन निर्माता - नियमित आधार पर डब्ल्यूएचओ को आंकड़े जमा कर रहा है और डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञों ने इन आंकड़ों की समीक्षा की है। डब्ल्यूएचओ आज कंपनी से एक अतिरिक्त जानकारी की उम्मीद कर रहा है।” 

डब्ल्यूएचओ का यह ट्वीट उसकी मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन के यह कहने के एक दिन बाद आया है कि एजेंसी का तकनीकी सलाहकार समूह 26 अक्टूबर को भारत के कोवैक्सीन को आपातकालीन उपयोग सूची में सूचीबद्ध करने पर विचार करने के लिए बैठक करेगा। कोवैक्सीन का उपयोग देश के राष्ट्रव्यापी कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम में किया जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश