न्यूयॉर्क: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक 22 वर्षीय भारतीय छात्र के लापता होने से हड़कंप मच गया है। वह अमेरिका में स्नातकोत्तर का छात्र था, जो अचानक लापता हो गया है। घटना के बाद अधिकारियों ने उसे ढूंढने के प्रयास तेज कर दिए हैं। भारतीय दूतावास भी सक्रिय हो गया है और उसने अमेरिकी अधिकारियों से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है। लापता छात्र कर्नाटक का निवासी बताया जा रहा है।
लापता हुए छात्र का नाम साकेत श्रीनिवासैया है, जो कर्नाटक का रहने वाला है। वह यूसी बर्कले (यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले) का छात्र है। साकेत मंगलवार से गायब है। स्थानीय मीडिया ने पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी। द बर्कले स्कैनर न्यूज पोर्टल ने रिपोर्ट किया कि लापता छात्र का बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर मिला, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप था। सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने उनकी गुमशुदगी पर गहरी चिंता जताई है।
भारतीय दूतावास ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया, "कंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया इन सैन फ्रांसिस्को साकेत श्रीनिवासैया की गुमशुदगी को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। साकेत यूसी बर्कले के भारतीय स्नातकोत्तर छात्र हैं और कर्नाटक राज्य से हैं।" दूतावास परिवार के संपर्क में है और छात्र को ढूंढने के लिए संबंधित स्थानीय अधिकारियों से भी संपर्क में है। पुलिस के अनुसार, श्रीनिवासैया को आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था।
पुलिस ने लापता छात्र को जोखिम श्रेणी में रखा है और उसका वर्णन साझा किया है। पुलिस के अनुसार लगभग 6 फीट 1 इंच लंबे, वजन करीब 73 किलोग्राम, छोटे काले बाल और भूरी आंखों वाले साकेत लापता हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी रखने वाले व्यक्तियों से स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी को सूचित करने की अपील की है। श्रीनिवासैया केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर्स कर रहे थे और आईआईटी मद्रास से 2025 में बी.टेक पूरा किया था। पुलिस ने उन्हें 'एट-रिस्क' (जोखिम में) श्रेणी में रखा है और खोज जारी है, खासकर लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास। भारतीय दूतावास परिवार और पुलिस के साथ समन्वय कर रहा है।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद