1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पुतिन और ट्रंप की मुलाकात के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की जाएंगे अमेरिका, जानें वजह

पुतिन और ट्रंप की मुलाकात के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की जाएंगे अमेरिका, जानें वजह

 Published : Aug 17, 2025 12:57 pm IST,  Updated : Aug 17, 2025 12:57 pm IST

रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म करने को लेकर हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में अहम वार्ता हुई थी। इस बैठक के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : AP

कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वह सोमवार को वाशिंगटन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इससे पहले, ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलास्का में शिखर बैठक की थी, लेकिन यह बैठक बेनतीजा रही और कई मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जताया ट्रप का आभार

रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात के कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने कहा कि युद्ध को समाप्त करने का सबसे अच्छा तरीका युद्ध विराम नहीं, बल्कि समग्र शांति समझौता है। ट्रंप और यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगी किसी भी वार्ता से पहले युद्ध विराम का आह्वान कर रहे थे। जेलेंस्की ने कहा कि अलास्का में पुतिन और ट्रंप के बीच मुलाकात के बाद शनिवार को उन्होंने ट्रंप के साथ ‘लंबी और सार्थक’ बातचीत की थी। उन्होंने सोमवार को वाशिंगटन में व्यक्तिगत रूप से मिलने के निमंत्रण के लिए ट्रंप का आभार व्यक्त किया और कहा कि वो ‘‘हत्या और युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा करेंगे।’’ 

 व्हाइट हाउस में होगी ट्रंप और जेलेंस्की की मुलाकात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पुष्टि की है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की सोमवार को व्हाइट हाउस में उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘अगर सब कुछ ठीक रहा, तो हम राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक बैठक तय करेंगे।’’ ट्रंप ने शिखर सम्मेलन से पहले चेतावनी दी थी कि यदि पुतिन युद्ध समाप्त करने पर सहमत नहीं हुए तो रूस को ‘बहुत गंभीर परिणाम’ भुगतने होंगे।  

जेलेंस्की ने साफ किया अपना रुख

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूरोपीय नेताओं को शामिल करने के महत्व को दोहराया, जो शिखर सम्मेलन में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिका के साथ विश्वसनीय सुरक्षा गारंटी सुनिश्चित करने के लिए यूरोपीय देशों को हर स्तर पर शामिल किया जाए।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें: 

पाकिस्तान में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर सेना प्रमुख मुनीर ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कह दिया

पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा, पटरी से उतरी ट्रेन; एक शख्स की मौत कई घायल

पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ ने मचाया हाहाकार, 48 घंटे में 327 लोगों की हुई मौत; बिगड़े हालात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश