1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में इमिग्रेशन अधिकारियों को लगा झटका, जज ने 5 साल के बच्चे को रिहा करने का आदेश दिया; जानें पूरा मामला

अमेरिका में इमिग्रेशन अधिकारियों को लगा झटका, जज ने 5 साल के बच्चे को रिहा करने का आदेश दिया; जानें पूरा मामला

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Feb 01, 2026 08:13 am IST,  Updated : Feb 01, 2026 08:20 am IST

अमेरिका के मिनेसोटा में इमिग्रेशन अधिकारियों ने पिता को पकड़ने के लिए 5 साल के बच्चे को चारे के तौर पर इस्तेमाल किया था। अब इस मामले में कोर्ट ने इमिग्रेशन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।

अमेरिका में 5 साल का बच्चा लियाम कोनेजो रामोस जिसे फेडरल इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में लिया था- India TV Hindi
अमेरिका में 5 साल का बच्चा लियाम कोनेजो रामोस जिसे फेडरल इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में लिया था Image Source : AP

US Immigration Agents Detain Child: अमेरिका में इमिग्रेशन अधिकारियों ने पिता को पकड़ने के लिए उसके 5 साल के बेटे को चारे की तरह इस्तेमाल किया था। मामला कोर्ट में पहुंचा तो जज ने सख्त रुख दिखाते हुए आदेश दिया कि 5 साल के लड़के लियाम कोनेजो रामोस और उसके पिता एड्रियन कोनेजो एरियस को मंगलवार (3 फरवरी 2026) तक टेक्सास के डिले इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर से रिहा कर दिया जाए। कोर्ट का यह फैसला ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीतियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। 

सोशल मीडिया पर दिखा लोगों का गुस्सा

लियाम और उसके पिता, जो मूलरूप से इक्वाडोर के हैं, को 20 जनवरी 2026 को मिनेसोटा के मिनियापोलिस से हिरासत में लिया गया था। इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं जिसमें छोटे लियाम के पास इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) अधिकारी खड़े थे। तस्वीरों की जमकर आलोचना की गई थी और इमिग्रेशन कार्रवाई को लेकर लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला था।

जज ने दिखाई सख्ती

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज फ्रेड बियरी ने अपने फैसले में ट्रंप प्रशासन की डिपोर्टेशन नीति को आड़े हाथों लिया। जज ने कहा कि  यह मामला रोजाना डिपोर्टेशन कोटा पूरा करने की सरकार की गलत सोच और अक्षमता से शुरू हुआ है, भले ही इसके लिए बच्चों को मानसिक रूप से परेशान करना पड़े। जज बियरी ने पहले ही फैसला दिया था कि लियाम और उसके पिता को कम से कम फिलहाल अमेरिका से नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने आदेश दिया कि दोनों को जितनी जल्दी संभव हो रिहा किया जाए। जज ने अपने आदेश के दौरान लियाम की तस्वीर का भी जिक्र किया। 

क्या है वकील का दावा?

लियाम कोनेजो रामोस पिता एड्रियन कोनेजो एरियस दिसंबर 2024 में इक्वाडोर से अमेरिका आए थे। परिवार के वकील के अनुसार, उनका Aasylum का दावा पेंडिंग है, जो उन्हें देश में रहने की अनुमति देता है। सरकार का दावा है कि वो अवैध रूप से दाखिल हुए थे।

हुआ क्या था?

पड़ोसियों और स्कूल अधिकारियों का कहना है कि ICE अधिकारियों ने बच्चे को "चारा" बनाया और दरवाजा खटखटाने के लिए कहा ताकि मां दरवाजा खोले। वहीं, डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने इसे "पूरी तरह झूठ" बताया और कहा कि पिता भाग गए और बच्चे को चलती गाड़ी में छोड़ दिया। 

डिटेंशन सेंटर का हाल

हिरासत के खिलाफ टेक्सास फैमिली डिटेंशन सेंटर में विरोध प्रदर्शन हुए और टेक्सास के 2 डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्यों (जोकिन कास्त्रो और जैस्मीन क्रॉकेट) ने दौरा किया। दौरे के दौरान लियाम अपने पिता की गोद में सो रहा था। पिता ने बताया कि बच्चा थका हुआ रहता है और केंद्र में ठीक से खाना नहीं खा रहा। केंद्र में लगभग 1,100 लोग हैं, और यहां बंद परिवारों ने खाने में कीड़े, साफ पानी की कमी और खराब मेडिकल केयर की शिकायतें की हैं।

यह भी पढें:

बलूच लिबरेशन आर्मी के घातक हमले से पस्त पड़ी पाकिस्तानी सेना, 84 जवानों की मौत; कई इलाकों पर BLA का कब्जा

ईरान के दक्षिणी बंदरगाह 'बंदर अब्बास' पर बड़ा धमाका, खूज़ेस्तान में अलग गैस विस्फोट में 4 लोगों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।