1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'ईरान पर हमला और बमबारी फिलहाल रद्द', जानें ट्रंप ने कुछ ही घंटे में क्यों बदला फैसला

'ईरान पर हमला और बमबारी फिलहाल रद्द', जानें ट्रंप ने कुछ ही घंटे में क्यों बदला फैसला

 Published : Jun 11, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 11:47 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए सैन्य हमलों की चेतावनी देने के कुछ घंटों बाद ही बमबारी की योजना फिलहाल रोकने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत में प्रगति हुई है।

Donald Trump Iran, US Iran Conflict, Iran US Tensions, Trump Military Strike- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा यू-टर्न लेते हुए ईरान पर नए सैन्य हमलों की योजना फिलहाल रोकने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि यह फैसला उन्होंने ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान और बमबारी की चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद लिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने नए सैन्य हमले रोकने का निर्णय इसलिए लिया क्योंकि ईरान के साथ बातचीत अब उसके शीर्ष नेतृत्व के स्तर तक पहुंच चुकी है और उसे मंजूरी भी मिल गई है।

'समाधान निकालने को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई'

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका, इजरायल और क्षेत्रीय सहयोगी देशों के बीच युद्धविराम को आगे बढ़ाने और समाधान निकालने को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। ट्रंप ने कहा कि समझौते से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सिद्धांत और विस्तृत स्तर पर सहमति बन चुकी है। हालांकि पिछले कुछ हफ्तों में भी वह कई बार दावा कर चुके हैं कि समझौता करीब है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

Donald Trump Iran, US Iran Conflict, Iran US Tensions
Image Source : TRUTHSOCIAL/APडोनाल्ड ट्रंप से ट्रुथ सोशल के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी।

ईरान ने अमेरिका के कई ठिकानों पर किए हमले

इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल को हुआ युद्धविराम टूट चुका है और दोनों देश एक-दूसरे के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे हैं। गुरुवार को ईरान ने अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान का दावा है कि उसने जॉर्डन, कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिका के 5 सैन्य अड्डों पर जोरदार हमले किए हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार इन हमलों में अमेरिका के दो विमान नष्ट हो गए, जबकि जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी एयरबेस का हैंगर भी तबाह हो गया।

अमेरिका के 3 एफ-16 लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त

वहीं अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि हमले के दौरान हैंगर में खड़े अमेरिका के 3 एफ-16 लड़ाकू विमान भी क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं। ईरान ने बहरीन में स्थित अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय को भी निशाना बनाने का दावा किया है। इसके अलावा कुवैत में मौजूद अमेरिका के 2 सैन्य अड्डों को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। ईरानी सेना ने इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला करने का भी दावा किया है।

कुछ घंटों में ही पूरी तरह बदल गए ट्रंप के तेवर

बता दें कि कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने कहा था कि अब वह ईरान को और अधिक समय नहीं देंगे और अमेरिकी सेना को फिर से बमबारी शुरू करने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि अमेरिकी सेना ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकती है। ट्रंप का कहना था कि पाकिस्तान की मध्यस्थता और आग्रह पर उन्होंने ईरान को समझौते का मौका दिया था लेकिन 'जिद्दी' ईरानी नेतृत्व की वजह से समझौता आगे नहीं बढ़ पाया।

यह भी पढ़ें:

ईरान के खार्ग द्वीप और तेल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर कब्जा करेगा अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप का खतरनाक ऐलान

उइगर मुस्लिमों ने 'ब्रह्मा' के मंदिर में किया था ब्लास्ट, गई थी 20 की जान, अब मिली मौत की सजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश