1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने दिया बड़ा आदेश, कहा- "सभी अमेरिकी झंडे आधे झुके रहें", जानें क्यों लिया ये फैसला

डोनाल्ड ट्रंप ने दिया बड़ा आदेश, कहा- "सभी अमेरिकी झंडे आधे झुके रहें", जानें क्यों लिया ये फैसला

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 13, 2026 07:14 am IST,  Updated : Jul 13, 2026 07:38 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी अमेरिकी झंडे आधे झुके रखने का आदेश दिया है। इस आदेश के पीछे की वजह भी सामने आ गई है।

Donald Trump- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP/PTI

वाशिंगटन: सीनेटर लिंडसे ग्राहम के निधन के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया, "मेरे करीबी दोस्त और सचमुच एक महान इंसान, सीनेटर लिंडसे ग्राहम के शानदार जीवन और उपलब्धियों के सम्मान में - जिन्होंने हमारे देश और अपने प्रिय गृह राज्य साउथ कैरोलिना के लिए बहुत कुछ किया - मैं आदेश दे रहा हूं कि पूरे अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडे शनिवार शाम 6 बजे तक आधे झुके रहें। भगवान आपका भला करे, लिंडसे!"

सीनेटर लिंडसे ग्राहम की कब हुई थी मौत?

सीनेटर लिंडसे ग्राहम की भारतीय समयानुसार 12 जुलाई को मौत हो गई थी। वह सीनेटर थे और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी लोगों में से एक थे। लिंडसे के ऑफिस ने ये जानकारी दी थी कि शनिवार को अचानक लिंडसे का निधन हो गया। बयान में ये भी कहा गया कि लिंडसे की मौत शनिवार शाम "एक छोटी और अचानक हुई बीमारी" की वजह से हुई है।

लिंडसे की मौत की खबर सामने आते ही ट्रंप ने कहा था कि वह सच्चे देशभक्त थे। उनकी बहुत याद आएगी। 

हाल ही में क्यों चर्चा में रहे लिंडसे?

लिंडसे वह व्यक्ति थे, जिन्होंने ईरान के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने की बात का समर्थन किया। उन्होंने पिछले साल ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर अटैक करने के ट्रंप के फैसले पर भी अपना समर्थन दिया और वर्तमान में चल रहे अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के लिए भी लिंडसे पूरी तरह आश्वस्त थे।

अमेरिका राष्ट्रपति पद के कैंडिडेट बनने की थी इच्छा

​सीनेटर लिंडसे को अमेरिका के एक महत्वाकांक्षी नेता के तौर पर भी याद किया जाएगा क्योंकि साल 2016 में उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से अमेरिका के राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की कोशिश की थी लेकिन जब ट्रंप के सिर पर राष्ट्रपति पद के चुनाव की जीत का सेहरा बंध गया तो लिंडसे उनके खास बन गए।

सीनेटर लिंडसे और ट्रंप की नजदीकियों को इस बात से समझा जा सकता है कि ट्रंप के साथ गोल्फ कोर्स में लिंडसे अक्सर नजर आते थे और दोनों लंबे समय तक बात करते थे। 

ये भी पढ़ें- 

"अगर मेरी हत्या होती है, तो ईरान भी बचने वाला नहीं है", डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कहा ऐसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश