1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले- 'गाजा में पीस प्लान के पहले चरण पर सहमत हुए इजरायल और हमास'

ट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले- 'गाजा में पीस प्लान के पहले चरण पर सहमत हुए इजरायल और हमास'

 Published : Oct 09, 2025 06:13 am IST,  Updated : Oct 09, 2025 06:38 am IST

इजरायल और हमास के बीच जारी जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि इजरायल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

Donald trump - India TV Hindi
Donald trump Image Source : AP

Israel Hamas Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायल और हमास के बीच चल रही जंग को खत्म कराने की लगातार कोशिशों में जुटे थे। ट्रंप के प्रयास अब सफल होते हुए नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि इजरायल और हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जता दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इजरायल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने इसे गाजा में जंग खत्म करने की दिशा में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम बताया है।

ट्रंप ने क्या कहा?

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा और उन्होंने कतर, मिस्र और तुर्की को मध्यस्थता के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,‘यह अरब और मुस्लिम जगत, इजरायल, आसपास के सभी देशों और संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक महान दिन है। सभी बंधकों को बहुत जल्द रिहा कर दिया जाएगा। इजरायल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा तक वापस बुला लेगा, जो एक मजबूत, टिकाऊ और स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम होगा।’

पहले चरण में क्या होगा?

इजरायल और हमास के बीच शांति योजना के पहले चरण के तहत गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए पांच क्रॉसिंग तुरंत खोलना,गाजा वापसी मानचित्र में बदलाव और पहले चरण में 20 इजरायली बंदियों को रिहा करना शामिल है। इजरायल भी अपनी जेलों से फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। हालांकि, अभी इसकी संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि यह रिहाई प्रक्रिया 72 घंटे के भीतर पूरी करनी होगी, जो शांति वार्ता की सफलता की पहली परीक्षा होगी।

इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि शांति योजना के पहले चरण की मंजूरी के साथ, हमारे सभी बंधकों को स्वदेश लाया जाएगा। यह एक कूटनीतिक सफलता है और इजरायल राज्य के लिए एक राष्ट्रीय एवं नैतिक विजय है। उन्होंने कहा, ''मैंने शुरू से ही स्पष्ट कर दिया था, जब तक हमारे सभी बंधक वापस नहीं आ जाते और हमारे सभी लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, हम चैन से नहीं बैठेंगे। दृढ़ संकल्प, शक्तिशाली सैन्य कार्रवाई और हमारे महान मित्र एवं सहयोगी राष्ट्रपति ट्रंप के अथक प्रयासों से, हम इस महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंचे हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप को उनके नेतृत्व, उनकी साझेदारी और इजरायल की सुरक्षा, हमारे बंधकों की स्वतंत्रता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूं।

ऐसे शुरू हुई थी जंग

हमास और इजरायल के बीच यह समझौता मिस्र में कई दिनों तक चली वार्ता के बाद हुआ है, जहां अमेरिका, इजरायल, मिस्र और कतर के वार्ताकार ट्रंप के प्रस्तावित समझौते की रूपरेखा पर काम कर रहे थे। जंग 7 अक्टूबर, 2023 को तब शुरू हुई थी जब हमास के आतंकियों नें इजरायल पर हमला कर 1200 लोगों की हत्या कर दी थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया था। अक्टूबर 2023 के बाद से अब तक इजरायल की ओर से गाजा में लगातार हमले किए जा रहे थे। गाजा में 67 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें:

'भारत के खिलाफ लगाए 50 फीसदी टैरिफ को तत्काल पलटें ट्रंप', अमेरिकी कांग्रेस के 19 सांसदों ने राष्ट्रपति को चिट्ठी से दी चेतावनी

अमेरिका में 'शटडाउन' के बाद कर्मचारियों को बिना वेतन करना होगा काम, जानें ट्रंप प्रशासन ने क्यों बदल दी पुरानी नीति

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश