1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान के अगले लीडर को चुनने में शामिल होना चाहते हैं डोनाल्ड ट्रंप, दिया बड़ा बयान

ईरान के अगले लीडर को चुनने में शामिल होना चाहते हैं डोनाल्ड ट्रंप, दिया बड़ा बयान

 Published : Mar 06, 2026 02:24 am IST,  Updated : Mar 06, 2026 02:24 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ईरान के अगले लीडर को चुनने में शामिल होना चाहते हैं। ट्रंप ने अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा को अस्वीकार्य संभावित उम्मीदवार बताया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP

Trump And Iran Supreme Leader: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समाचार वेबसाइट 'एक्सियोस' को दिए एक इंटरव्यू में बड़ी बात कही है। ट्रंप ने कहा है कि वो ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन में अपनी व्यक्तिगत भागीदारी चाहते हैं। ट्रंप ने साफ कहा कि ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई का सुप्रीम लीडर को तौर पर चयन अस्वीकार्य होगा।

ट्रंप ने मोजतबा के बताया कमजोर

ट्रंप ने एक्सियोस को बताया, "खामेनेई का बेटा मेरे लिए अस्वीकार्य है। हम ऐसा कोई व्यक्ति चाहते हैं जो ईरान में सद्भाव और शांति लाए।" उन्होंने मोजतबा खामेनेई को 'लाइटवेट' करार देते हुए कहा कि यदि वही नीतियां जारी रहीं तो अमेरिका को 5 साल के भीतर फिर से युद्ध में खींचा जा सकता है। ट्रंप ने कहा, "वो अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। मुझे इस नियुक्ति में शामिल होना होगा, ठीक वैसे ही जैसे मैंने वेनेजुएला में डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ किया था।"

अयातुल्ला अली खामेनेई की हुई मौत

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है। फरवरी 2026 के अंत में शुरू हुए हमलों में खामेनेई पहले दिन ही मारे गए थे। उसके बाद ईरान में सर्वोच्च नेता के पद के लिए उत्तराधिकार की प्रक्रिया तेज हो गई है। 

IRGC में गहरी है मोजतबा की पैठ

56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई धर्मगुरु हैं और ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) में उनकी गहरी पैठ है। मोजतबा को सर्वोच्च नेता का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। ईरानी स्रोतों के अनुसार, अमेरिकी-इजरायली हमलों में भी वो बच गए हैं और फिलहाल प्रभावशाली स्थिति में हैं। ट्रंप का यह कहना कि वो ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन में अपनी व्यक्तिगत भागीदारी चाहते हैं नए विवाद को जन्म दे सकता है। ईरान में सर्वोच्च नेता का चयन एक्सपर्ट्स की असेंबली (मजलिस-ए-खोबरेगान) करती है, जो एक धार्मिक संस्था है और इसमें विदेशी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं मानी जाती।

ट्रंप ने दिया वेनेजुएला का उदाहरण

ट्रंप ने वेनेजुएला का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां उन्होंने निकोलस मादुरो को हटाने के बाद अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ सहयोग किया, जो अब वॉशिंगटन के साथ काम कर रही हैं। ट्रंप का इशारा साफ है कि वो ईरान में भी ऐसा ही कोई परिवर्तन चाहते हैं जो अमेरिकी हितों के अनुकूल हो। ट्रंप प्रशासन ने पहले ही संकेत दिए हैं कि वो ईरान में शासन परिवर्तन के बारे में सोच रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

ईरानी ड्रोन से निपटने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं अमेरिका और ये देश, जानें जेलेंस्की ने और क्या कहा

अमेरिका पर भड़के ईरानी राजदूत, बोले- 'हिंद महासागर में हमारा युद्धपोत डुबाने वाले को देंगे कड़ा जवाब'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश