1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जयशंकर ने मार्को रुबियो से की मुलाकात, टैरिफ लगने के बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने की ये पहली बैठक

जयशंकर ने मार्को रुबियो से की मुलाकात, टैरिफ लगने के बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने की ये पहली बैठक

 Published : Sep 22, 2025 10:42 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 08:08 am IST

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) सत्र के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से ये मुलाकात की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी अमेरिका पहुंचे हुए हैं।

एस जयशंकर और मार्को रुबियो- India TV Hindi
एस जयशंकर और मार्को रुबियो Image Source : PTI

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो से मुलाकात की। सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के हाई लेवल 80वें सत्र के शुरू होने के दौरान दोनों नेताओं के बीच ये द्विपक्षीय मुलाकात हुई।

अमेरिका ने भारत पर लगाया 50 प्रतिशत टैरिफ

यह बैठक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर रूसी तेल की खरीद के लिए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली आमने-सामने की बातचीत है, जिससे भारत पर लगाया गया कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया है। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘आज सुबह न्यूयॉर्क में विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिलकर अच्छा लगा। हमारी बातचीत में वर्तमान चिंता के कई द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रगति के लिए निरंतर जुड़ाव के महत्व पर सहमति बनी। हम संपर्क में बने रहेंगे।’

क्वाड में दोनों नेताओं की हुई थी मुलाकात

पिछली बार ये दोनों नेता जुलाई में वाशिंगटन डीसी में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए मिले थे। एस जयशंकर की रुबियो से यह बैठक उसी दिन हो रही है जिस दिन भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर जल्द से जल्द निष्कर्ष निकालने के लिए चर्चा हो सकती है।

पीयूष गोयल भी अमेरिकी पक्ष से करेंगे मुलाकात

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी पक्ष से मुलाकात करेगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'प्रतिनिधिमंडल की योजना पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के उद्देश्य से चर्चा को आगे बढ़ाने की है।'

व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा 

बयान में कहा गया है कि 16 सितंबर को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अधिकारियों की भारत यात्रा के दौरान व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई थी और इस संबंध में प्रयास तेज करने का निर्णय लिया गया था।

UNGA सत्र के लिए अमेरिका पहुंचे हैं एस जयशंकर

बता दें कि एस जयशंकर, जो हाई लेवल यूएनजीए सत्र के लिए रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे है। सत्र के दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों की एक सीरीज आयोजित करेंगे और 27 सितंबर को प्रतिष्ठित यूएनजीए मंच से आम बहस में राष्ट्रीय वक्तव्य भी देंगे। (इनपुट-पीटीआई)

ये भी पढ़ें:  Charlie Kirk Murder: चार्ली किर्क की पत्नी एरिका ने हत्‍यारे को किया माफ, कही बड़ी बात

क्या सुलझ गया डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क का झगड़ा? साथ दिखाई दिए, मुलाकात की वजह भी सामने आई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश