Friday, February 27, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'देश के साथ गद्दारी', अमेरिका का पूर्व एयरफोर्स पायलट गिरफ्तार, चीन के पायलटों को दे रहा था ट्रेनिंग

'देश के साथ गद्दारी', अमेरिका का पूर्व एयरफोर्स पायलट गिरफ्तार, चीन के पायलटों को दे रहा था ट्रेनिंग

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Feb 26, 2026 07:06 pm IST, Updated : Feb 26, 2026 07:06 pm IST

अमेरिका के पूर्व वायुसेना पायलट जेराल्ड एडी ब्राउन को चीनी सैन्य पायलटों को बिना लाइसेंस ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। F-35 इंस्ट्रक्टर रहे ब्राउन पर आर्म्स एक्सपोर्ट कंट्रोल एक्ट के उल्लंघन का मामला दर्ज है।

Gerald Eddie Brown arrest, former US Air Force pilot arrested- India TV Hindi
Image Source : AP REPRESENTATIONAL IMAGE जेराल्ड एडी ब्राउन F-35 विमान के इंस्ट्रक्टर पायलट थे।

न्यूयॉर्क: अमेरिका के पूर्व वायुसेना अधिकारी और पायलट जेराल्ड एडी ब्राउन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने चीनी सैन्य पायलटों को बिना किसी अनुमति के रक्षा संबंधी सेवाएं दीं और ऐसी सेवाएं देने की साजिश रची। अमेरिकी न्याय विभाग ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि 65 साल के इस पूर्व पायलट पर अमेरिकी आर्म्स एक्सपोर्ट कंट्रोल एक्ट यानी कि AECA के तहत आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने 2023 से ही चीनी पायलटों को ट्रेनिंग देने का काम शुरू कर दिया था, और इसे गद्दारी करार दिया गया है।

'F-35 विमान के इंस्ट्रक्टर पायलट थे ब्राउन'

न्याय विभाग के नेशनल सिक्योरिटी डिवीजन के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन आइजनबर्ग ने कहा,'संयुक्त राज्य वायुसेना ने मेजर ब्राउन को एक बेहतरीन फाइटर पायलट बनाने के लिए प्रशिक्षित किया था और उन्हें हमारे देश की रक्षा का जिम्मा सौंपा था। अब उन पर चीनी पायलटों को ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया गया है।' जस्टिस डिपार्टमेंट के अनुसार, ब्राउन अमेरिकी वायुसेना में 24 वर्ष से ज्यादा समय तक सेवा कर चुके हैं। वे F-35 विमान के इंस्ट्रक्टर पायलट थे। अगस्त 2023 से उन्होंने चीनी सैन्य पायलटों को ट्रेनिंग देने के लिए अनुबंध करने शुरू कर दिए थे। ये ट्रेनिंग चीनी एयरफोर्स के सदस्यों को दी जा रही थी।

ब्राउन ने बतौर कमर्शियल पायलट भी किया काम

बता दें कि ऐसी ट्रेनिंग के लिए इंटरनेशनल ट्रैफिक इन आर्म्स रेगुलेशंस यानी कि ITAR के तहत लाइसेंस जरूरी है, लेकिन ब्राउन के पास यह लाइसेंस नहीं था। ब्राउन की सैन्य जिंदगी में उन्होंने संवेदनशील यूनिट्स की कमान संभाली, लड़ाकू मिशनों का नेतृत्व किया और F-4, F-15, F-16, A-10 तथा F-35 जैसे विमानों पर फाइटर पायलट और सिमुलेटर इंस्ट्रक्टर के रूप में काम किया। 1996 में सक्रिय ड्यूटी से रिटायर होने के बाद वे कमर्शियल पायलट बने और अमेरिकी रक्षा कंपनियों के लिए कॉन्ट्रैक्ट सिमुलेटर इंस्ट्रक्टर के रूप में काम करते रहे।

फरवरी 2026 में ही अमेरिका लौटे हैं ब्राउन

दिसंबर 2023 में ब्राउन चीन गए और वहां चीन के सैन्य पायलटों को ट्रेनिंग शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक उन्होंने अमेरिकी वायुसेना के ऑपरेशंस पर विस्तार से ब्रीफिंग दी और सिमुलेटर तथा असली उड़ान की ट्रेनिंग दी। वे फरवरी 2026 में ही अमेरिका लौटे। FBI के काउंटरइंटेलिजेंस एंड एस्पियोनेज डिवीजन के असिस्टेंट डायरेक्टर रोमन रोज़हावस्की ने कहा, 'जेराल्ड ब्राउन, कथित तौर पर अपने देश के साथ गद्दारी की है। उन्होंने उन चीनी पायलटों को ट्रेनिंग दी जो उन लोगों के खिलाफ लड़ सकते हैं, जिनकी रक्षा की शपथ उन्होंने ली थी।'

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement