Iran-US War: ईरान और अमेरिका में दूसरे दौर की वार्ता शुरू होने से पहले ही तेहरान ने होर्मुज को खोलने का ऐलान करके सिर्फ ट्रंप को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को बड़ी खुशखबरी दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज खुलने को लेकर अपने ट्रुथ सोशल मीडिया में पोस्ट किए गए एक बयान में कहा है कि होर्मुज खुलने से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बहुत खुश हैं।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या लिखा?
ट्रंप के इस पोस्ट को ह्वाइट हाउस ने एक्स पर शेयर किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है- “राष्ट्रपति शी बहुत खुश हैं कि होर्मुज का जलडमरूमध्य खुला हुआ है या तेजी से खुल रहा है। चीन में हमारी बैठक बहुत खास होगी और संभावित रूप से ऐतिहासिक होगी। मैं राष्ट्रपति शी के साथ मिलने के लिए उत्सुक हूं। बहुत कुछ हासिल किया जाएगा!”
"समझौता नहीं किया तो फिर गिराएंगे ईरान पर बम"
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को यह भी धमकी दी है कि अगले बुधवार तक अगर ईरान ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किया तो उस पर दोबारा बम गिराना शुरू कर देंगे। ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की वार्ता सोमवार को होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी स्थान और समय तय नहीं हुआ है।
समझौता नहीं होने तक होर्मुज पर रहेगी नाकाबंदीः ट्रंप
ट्रंप ने यह भी कहा कि जब तक समझौता पूरा नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका होर्मुज से नाकाबंदी नहीं हटाएगा। यानी अमेरिकी नौसैनिक और युद्धपोत होर्मुज के आसपास डटे रहेंगे। इससे पहले ईरान ने होर्मुज को सीजफायर जारी रहने तक सभी देशों के लिए पहले की तरह खोलने का ऐलान किया था। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि सीजफायर जारी रहने तक ईरान होर्मुज को सभी के लिए पहले की तरह खोलने जा रहा है।
ट्रंप की धमकियों के बाद ईरान भी पलटा
होर्मुज और सीजफायर डील करने के लिए ट्रंप की धमकियों के बाद इधर ईरान भी पलट गया है। अब ईरान ने भी ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिकी नाकाबंदी होर्मुज से नहीं हटाई गई तो वह फिर से इसे पहले की तरह बंद कर देगा। अगर ऐसा हुआ तो इस मार्ग से तेल और गैस की सप्लाई लेने-देने वाले सभी देशों को पहले की तरह बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।