1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका से संबंधों में तनाव के बीच न्यूयॉर्क में जयशंकर ने किया भारतीय दूतों का सम्मेलन, दिया बड़ा निर्देश

अमेरिका से संबंधों में तनाव के बीच न्यूयॉर्क में जयशंकर ने किया भारतीय दूतों का सम्मेलन, दिया बड़ा निर्देश

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Nov 15, 2025 10:54 am IST,  Updated : Nov 15, 2025 10:54 am IST

विदेश मंत्री जयशंकर ने अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतों के सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया।

न्यूयॉर्क में भारतीय दूतों के साथ सम्मेलन में विदेश मंत्री एस जयशंकर (बीच में)- India TV Hindi
न्यूयॉर्क में भारतीय दूतों के साथ सम्मेलन में विदेश मंत्री एस जयशंकर (बीच में) Image Source : PTI

न्यूयॉर्क:अमेरिका के साथ टैरिफ पर चल रहे तनाव के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतों के साथ बड़ा सम्मेलन किया है। इस दौरान जयशंकर ने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने को लेकर बड़ा निर्देश दिया है। विदेश मंत्री ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और प्रवासी भारतीयों से संबंधी गतिविधियों को दिए जाने वाले समर्थन की समीक्षा भी की है। 

जयशंकर ने किया पोस्ट

सम्मेलन की अध्यक्षता करने के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘हमारे द्विपक्षीय संबंधों और प्रवासी भारतीयों से संबंधी गतिविधियों के लिए समर्थन की समीक्षा की। भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने के लिए हमारे दूतावास और वाणिज्य दूतावासों की प्रतिबद्धता एवं प्रयासों की सराहना करता हूं।’’ बता दें कि उन्होंने शुक्रवार को न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में आयोजित ‘‘महावाणिज्य दूत सम्मेलन’’ की अध्यक्षता की, जिसमें अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा, वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में मिशन उप प्रमुख नामग्या खम्पा के साथ-साथ अटलांटा, बोस्टन, शिकागो, ह्यूस्टन, लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को और सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावासों के सभी दूतों ने हिस्सा लिया। 

भारतीय दूतों ने कहा-जयशंकर से मिला बड़ा मार्गदर्शन

महावाणिज्य दूत विनय प्रधान के नेतृत्व में न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वाणिज्य दूतावास परिसर में जयशंकर का स्वागत करना ‘‘सम्मान’’ की बात थी। वाणिज्य दूतावास ने कहा, ‘‘उनका नजरिया, मार्गदर्शन और नेतृत्व भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए काम करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।’’ 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव आएंगे भारत


जयशंकर ने एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की थी। जयशंकर के साथ संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश, संयुक्त राष्ट्र में उप-स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के अधिकारी भी मौजूद थे। जयशंकर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मिलकर अच्छा लगा। वर्तमान वैश्विक व्यवस्था और बहुपक्षवाद पर इसके प्रभावों के उनके आकलन की सराहना करता हूं। विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर उनके दृष्टिकोण की भी सराहना करता हूं।’’ 

जयशंकर ने कहा कि उन्होंने भारत के विकास और उन्नति के लिए गुतारेस के स्पष्ट एवं निरंतर समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जतायी कि वह जल्द ही भारत यात्रा पर आएंगे। जयशंकर जी-7 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए कनाडा में थे जहां उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की और अन्य वैश्विक समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश