1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारत-कनाडा विवाद के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन से मिले जयशंकर, जानें ट्रुडों के आरोपों पर क्या हुई बात?

भारत-कनाडा विवाद के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन से मिले जयशंकर, जानें ट्रुडों के आरोपों पर क्या हुई बात?

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 29, 2023 06:59 am IST,  Updated : Sep 29, 2023 07:27 am IST

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के समकक्ष एंटनी ब्लिंकन से आज मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत की जी20 अध्यक्षता के प्रमुख परिणामों और भारत-मध्य के निर्माण सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। पूर्वी-यूरोप आर्थिक गलियारा की पारदर्शी, टिकाऊ और उच्च-मानक बुनियादी ढांचा निवेश उत्पन्न करने की क्षमता पर भी बात हुई।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के एंटनी ब्लिंकन।- India TV Hindi
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के एंटनी ब्लिंकन। Image Source : AP

भारत और कनाडा विवाद के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन ने आज वाशिंगटन डी.सी. में भारतीय विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात की। ब्लिंकन और विदेश मंत्री जयशंकर के बीच भारत की जी20 अध्यक्षता के प्रमुख परिणामों और भारत-मध्य के निर्माण सहित पूर्वी-यूरोप आर्थिक गलियारा और इसकी पारदर्शी, टिकाऊ और उच्च-मानक बुनियादी ढांचा निवेश उत्पन्न करने की क्षमता को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। यह मुलाकात ऐसे वक्त में हुई है जब कनाडा में एक खालिस्तानी अलगाववादी व आतंकी निज्जर की हत्या पर भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक तना-तनी चल रही है।

बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तौर -तरीकों पर चर्चा की। विदेश विभाग में इस भेंटवार्ता से पहले ब्लिंकन के साथ मीडिया के सामने जयशंकर ने कहा, ‘‘यहां आकर अच्छा लगा। जी20 सम्मेलन के लिए सभी तरह की सहयोग के लिए अमेरिका को धन्यवाद।’’ ब्लिंकन ने कहा कि जी20 और न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र समेत पिछले कुछ सप्ताह में विभिन्न मौकों पर उनकी अच्छी चर्चा रही है। उन्होंने कहा कि वह अपने भारतीय समकक्ष के साथ चर्चा को लेकर आशान्वित हैं।

कनाडा विवाद पर क्या हुई बात

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो द्वारा भारत पर लगाए गए आरोपों को लेकर दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई, अभी तक यह तथ्य सामने नहीं आ पाए हैं। दोनों नेताओं ने मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। वैसे तो दोनों पक्षों के अधिकारी इस भेंटवार्ता के एजेंडा को लेकर चुप्पी साधे रहे, लेकिन अमेरिका के दो दोस्तों के बीच हाल का कूटनीतिक संकट इस चर्चा में प्रमुखता से छाये रहने की संभावना पहले से ही बनी थी। ऐसे में इस मुद्दे पर चर्चा जरूर हुई होगी।

सूत्रों के अनुसार ब्लिंकन ने कनाडा के मुद्दे को मीटिंग में उठाया और जांच में सहयोग करने की बात कही। वैसे भी अमेरिका अपने रणनीतिक साझेदार भारत से कोई विवाद नहीं करना चाहता। इसकी एक वजह ये भी है कि वह एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए अपनी रणनीति के तहत अपने उत्तरी पड़ोसी और दक्षिण एशियाई देश के बीच विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। इसमें उसे भारत का हर हाल में साथ चाहिए।

बता दें कि इस साल की शुरुआत में ब्रिटिश कोलंबिया में सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा की जांच में अमेरिका भारत से सहयोग करने की अपील कर रहा है। कनाडा ने भारत पर आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। भारत ने आरोपों को ‘‘निराधार’’ बताया है और कहा है कि कनाडा आतंकवादियों के लिए पनाहगाह बन गया है।

यह भी पढ़ें

आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल यूरोप से लेकर US के सिखों से जुटाता है फंड, दाऊद के जरिये पाक तक फैला नेटवर्क

नीदरलैंड्स में एक हमलावर ने 3 लोगों को उतारा मौत के घाट, ऐसे दिया वारदात को अंजाम

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश